भारतीय सनातन संस्कृति दुनिया में सर्वश्रेष्ठ

Friday, Dec 02, 2022 - 08:16 PM (IST)


चण्डीगढ़, 2 दिसंबर -(अर्चना सेठी) हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जे.पी. दलाल ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति दुनिया में सर्वश्रेष्ठ संस्कृति है। पूरे विश्व में भारत की संस्कृति का प्रचार-प्रसार हो रहा है। हमारे नैतिक मूल्यों में सदा दूसरों की मदद करने की भावना समाहित रही है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जे.पी. दलाल ने यह बात शुक्रवार को जयराम विद्यापीठ कुरूक्षेत्र द्वारा करवाये गये 29वें सामूहिक विवाह समारोह के सम्बोधन के दौरान कही।

 दलाल ने कहा कि जयराम विद्यापीठ द्वारा जरूरतमंद कन्याओं का सामूहिक विवाह करवाना बहुत ही प्रशंसनीय कदम है। हरियाणा सरकार भी इसी परिपाटी पर चलते हुए जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता से करने का कार्य कर रही है, जिससे समाज का हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने सभी 27 कन्याओं को 11-11 हजार रुपये कन्यादान के रूप में दिये और सभी नव दंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय जीवन की कामना की।

उन्होंने कहा कि नर के अंदर ही नारायण का रूप होता है। इस सामूहिक विवाह समारोह में विभिन्न लोगों ने अपना सहयोग दिया है। कन्यादान करके सभी ने बहुत बड़ा पुण्य अर्जित किया है। ऐसा सुंदर नजारा कहीं ओर नजर नहीं आता। आज भारत का जन-जन जाग चुका है। हमारी सनातन संस्कृति दुनिया में सर्वश्रेष्ठ मानी गयी है। उन्होंने जयराम विद्यापीठ द्वारा किये जा रहे मानवहित के विभिन्न क्रियाकलापों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार यह संस्था मानव की सेवा करती रहे।

 

Archna Sethi

Advertising