भारतीय नौसेना की नौका पहुंची आस्ट्रेलिया,चालक दल में सिर्फ महिलाएं

Monday, Oct 23, 2017 - 10:02 PM (IST)

नई दिल्ली: नौसेना ने कहा कि अपने पहले विश्वभ्रमण पर निकली उसकी नौका आईएनएस वी तारिणी सोमवार को आस्ट्रेलिया के फ्रेमैंटल पोर्ट पर पहुंची। इसके चालक दल में सभी सदस्य महिलाएं हैं। केवल महिलाओं वाले चालक दल द्वारा विश्व का यह पहला भ्रमण है। इस जहाज की कप्तानी लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी के हाथों में है।

चालक दल की अन्य सदस्य लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जामवाल, लेफ्टिनेंट कमांडर पी स्वाति, लेफ्टिनेंट एस विजया देवी,लेफ्टिनेंट बी ऐश्वर्या और लेफ्टिनेंट पायल गुप्ता हैं। इस नौका के पांच नवंबर को फ्रेमैंटल से रवाना होने की संभावना है। रक्षा मंत्री ने 10 सितंबर को गोवा से उसे विदा किया था।

नौसेना के बयान के अनुसार आईएनए आईएनएस वी तारिणी 4,800 नौटिकल मील दूरी तय कर चुकी है। उसने 17 सितंबर को भूमध्यरेखा पार किया था और छह अक्तूबर को ट्रोपिक ऑफ कैप्रिकोर्न से आगे निकली थी। यह नौका अप्रैल, 2018 को गोवा लौटेगी।

Advertising