पाकिस्तान के सीजफायर उल्लंघन का भारतीय जवानों ने दिया जवाब, ढेर किए 4 पाक सैनिक

Tuesday, Apr 18, 2017 - 12:06 AM (IST)

जम्मू: पाकिस्तान नौशहरा के लाम सेक्टर में एलओसी पर गोलीबारी कर रहा है। इसका मुंहतोड़ जवाब भारतीय जवान दे रहे हैं और सेना ने दावा किया है कि जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के चार सैनिक मारे गए हैं। पाकिस्तानी रेंजर सुबह से भारतीय चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर मोर्टार दाग रहा था। भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तानी सैनिकों को उसी की भाषा में मुंहतोड़ जवाब देते हुए गोलीबारी की और पाकिस्तान के चार सैनिकों को ढेर किया।


पाकिस्तानी गोलीबारी में मवेशियों के मारे जाने की खबर है। मिली जानकारी के अनुसार गोलीबारी में कुछ दुधारू पशु मारे गए हैं जबकि कुछ भेड़-बकरियां घायल हुई हैं। गोलीबारी में एक मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है।


रविवार को भी पाकिस्तान ने गोलीबारी की। पाक रेंजरों ने लाम सेक्टर में एलओसी के पास के गांवों को निशाना बनाया। बाबा खोडी, मानपुर, डनका, लंगर, कलसिया, कडाली, भवान, सेर, नभ, झांगड और मकडी गांवों में गोले दागे। रविवार को शाम चार बजे तक पाकिस्तान रूक-रूक कर गोलीबार करता रहा।
सोमवार को भी पाकिस्तानी सैनिकों ने नौशहरा में गोलीबारी की। बदले में भारतीय जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।

 

Advertising