दुनिया की सबसे बड़ी पैदल सेना बनी इंडियन आर्मी

Wednesday, Mar 18, 2020 - 10:26 AM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय सेना (इंडियन आर्मी) ने पैदल सैनिकों के मामले में अपने पड़ोसी देश चीन को पीछे छोड़ दिया है। यही नहीं, चीन अब पैदल सैनिकों की सूची में तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। इस सूची में दूसरे नंबर पर उत्तर कोरियाई तानाशाह किम जोंग उन की सेना है। चीन और पाकिस्तान, दो मोर्चों पर खतरे का सामना कर रहे भारत के पैदल सैनिकों की संख्या बढ़कर करीब 12 लाख 40 हजार पहुंच गई है। जापान के रक्षा मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर कोरिया के सैनिकों की संख्या 11 लाख और चीन के सैनिकों की संख्या 9 लाख 80 हजार पहुंच गई है। रिपोर्ट के मुताबिक चीन इन दिनों अपनी सेना को और ज्यादा मारक बनाने के लिए बड़े पैमाने पर सुधार कर रहा है। यह चीन की सेना के इतिहास में सबसे बड़ा सुधार है। चीन के राष्ट्रपति ने नवम्बर 2015 में सैन्य सुधारों की शुरूआत की थी।
 

चीन ने 3 लाख सैनिकों की कमी की 
चीन के राष्ट्रपति ने कहा था कि वर्ष 2020 तक ये सैन्य सुधार पूरे होंगे। चीन ने अब सेना के लिए थिएटर कमांड ढांचा लागू किया है। इसके तहत 3 लाख सैनिकों की कमी की गई है। चीन ने अपनी सेना को अब 5 थिएटर में बांट दिया है। यही नहीं, चीन की सेना ने रॉकेट फोर्स, स्ट्रैटेजिक सपोर्ट फोर्स, लॉजिस्टिक सपोर्ट फोर्स का भी गठन किया है। इस पूरी कवायद का मकसद 21वीं सदी में चीन की सेना को दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना बनाना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन अपनी सेना को बहुत तेजी से संख्या और गुणवत्ता दोनों के लिहाज से बेहतर बनाने में लगा है। चीन का फोकस इस समय परमाणु हथियार, मिसाइल, नेवी और एयरफोर्स पर है।  

Anil dev

Advertising