भारतीय सेना दे रही मुहतोड़ जवाब, गोलीबारी में 6 जवान घायल

Thursday, Nov 24, 2016 - 02:13 AM (IST)

जम्मू: नियंत्रण रेखा पार से पाकिस्तान की आेर से किए गए हमले में भारत के तीन जवानों के शहीद होने और उनमें से एक का शव क्षत-विक्षत किए जाने की घटना के एक दिन बाद सेना ने जवाबी कार्रवाई शुरू की। दूसरी तरफ पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलीबारी जारी रखी, जिससे छह जवान घायल हुए हैं। अपने जवानों पर हुए हमले के बाद भारतीय सेना ने इसका ‘‘भारी प्रतिशोध’’ लेने का संकल्प लिया था। इसके कुछ ही घंटों बाद यह जवाबी कार्रवाई की गई।  

भारतीय सेना दे रही मुहतोड़ जवाब
उत्तरी कमान के ब्रिगेडियर पी.एस. गोत्रा ने बताया कि कश्मीर के माछिल सेक्टर में कल हुए हमले के बदले में सेना ने आज नियंत्रण रेखा पर जवाबी कार्रवाई शुरू की। रक्षा पीआरआे मनीष मेहता ने बताया कि भारतीय सेना की चौकियां जोरदार और मुंहतोड़ जवाब दे रही है। पाकिस्तानी सेना ने भी भीमबर गली सेक्टर, कृष्णा घाटी और नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ राजौरी जिले के भीमबर गली में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेनाओं द्वारा सुबह 9:45 बजे संघर्ष विराम उल्लंघन में दो बीएसएफ जवानों को मामूली चोटें आई हैं।’’  

हमले में अब तक 3 जवान शहीद
सेना के एक अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तानी गोलाबारी में चार जवान घायल हो गए। नियंत्रण रेखा के पार से संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा कल किए गए हमले में भारत के तीन जवान शहीद हो गए थे। एक शहीद के शव को क्षत-विक्षत किया गया था। कश्मीर के माछिल सेक्टर में सेना के गश्ती दल पर घात लगाकर हमला किया गया था जिसके बाद सेना ने इसका भारी ‘‘प्रतिशोध’’ लेने का संकल्प लिया था।  

एक भारतीय जवान के शव के साथ बर्बरता की गई थी
उत्तरी कमान के प्रवक्ता ने कल ट्वीट किया था, ‘‘माछिल में नियंत्रण रेखा पर ड्यूटी के दौरान तीन भारतीय जवान शहीद। एक शहीद के शव को क्षत-विक्षत किया गया।’’ उन्होंने लिखा था, ‘‘इस कायराना हरकत का बदला भारी पड़ेगा।’’ इससे पहले 28 अक्तूबर को भी इसी सेक्टर में एक भारतीय जवान के शव के साथ बर्बरता की गई थी। उस दिन आतंकियों ने पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी की आड़ में नियंत्रण रेखा पार कर माछिल सेक्टर में भारतीय जवान की हत्या की थी और उसके शव के साथ बर्बरता की थी। उस घटना में एक हमलावर मारा गया था। 

Advertising