लाल किले में 26 जनवरी से शुरू होगा भारत पर्व

Tuesday, Jan 22, 2019 - 09:44 PM (IST)

नई दिल्लीः एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ पाँच दिवसीय भारत पर्व का चौथा संस्करण 26 जनवरी से लाल किला प्रांगण में शुरू होगा। पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम 31 जनवरी तक चलेगा। इसमें अन्य केंद्रीय मंत्रालयों का भी सहयोग होगा।

इसका आयोजन वर्ष 2016 से हर साल किया जा रहा है। यहां लोगों को देश के अलग-अलग राज्यों तथा क्षेत्र की विविध संस्कृति, कला, खान-पान और वेश-भूषा से रू-ब-रू होने का मौका मिलेगा। इसमें प्रवेश नि:शुल्क होगा और यह पाँचों दिन दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।

पर्यटन मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि इस साल भारत पर्व के मुख्य आकर्षण होंगे, गणतंत्र दिवस परेड की झाँकियाँ, सेना के बैंडों का संगीत, विविध व्यंजनों वाला फूड कोर्ट, शिल्प मेला और विज्ञापन एवं दृश्य प्रचार निदेशालय द्वारा आयोजित छाया प्रदर्शनी।

भारतीय रेल से जुड़ा सार्वजनिक उपक्रम आईआरसीटीसी अपनी विशिष्ट पर्यटक रेलगाड़यिों के बारे में बतायेगा। इन पाँच दिन के दौरान उपभोक्ता जागरूकता पर जागो ग्राहक जागो के नाम से एक अभियान भी चलाया जायेगा। राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के विचारों को लोगों तक पहुँचाने के लिए एक गांधी ग्राम भी बनाया जायेगा जिसमें 10 पेंटिंग कलाकार महात्मा गांधी के आदर्श थीम पर पेंटिंग करेंगे।

शिल्प उत्पादों की प्रदशर्नी के साथ ही ये उत्पाद बिक्री के लिए भी उपलब्ध होंगे। भारत पर्व में आने वाले लोग देश के विभिन्न क्षेत्रों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद ले सकेंगे। इनका आयोजन उत्तरी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा किया जायेगा।

Yaspal

Advertising