भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता भारतीय किसानों को बर्बाद कर देगा : राहुल गांधी

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 07:29 PM (IST)

नेशनल डेस्क : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनकी सरकार द्वारा किये गए भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते से भारतीय किसान बर्बाद हो जाएंगे। गांधी ने पंजाब के बरनाला में आयोजित 'किसान महाचौपाल रैली' को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कृषि क्षेत्र को खोलने को लेकर असहमति के कारण यह समझौता चार महीने से रुका हुआ है। उन्होंने कहा, ''सवाल उठता है कि जो काम प्रधानमंत्री ने चार महीने तक नहीं किया, वह उन्होंने 15 मिनट में कैसे कर दिया?'' लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने सवाल किया कि व्यापार समझौता अचानक क्यों किया गया।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को गारंटी दी कि भारत हर साल नौ लाख करोड़ रुपये के अमेरिकी उत्पाद खरीदेगा। उन्होंने कहा कि यह समझौता ''भारतीय किसानों को बर्बाद कर देगा''। गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि हाल ही में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद उन्हें लोकसभा में बोलने की अनुमति नहीं दी गई, क्योंकि वह पूर्व सेना प्रमुख मनोज नरवणे के संस्मरणों पर टिप्पणी करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि उनका इरादा जनरल नरवणे (सेवानिवृत्त) की एक अप्रकाशित पुस्तक का उल्लेख करने का था, जिसमें, उनके (नरवणे के) दावे के अनुसार, सीमा के निकट चीनी सैनिकों की गतिविधियों के दौरान राजनीतिक नेतृत्व की त्वरित प्रतिक्रिया के अभाव का वर्णन किया गया है।

गांधी ने कहा, ''मैंने विशेषज्ञों से पूछा कि यह (कृषि) समझौता क्यों अटका हुआ है। मुझे जवाब मिला कि अमेरिका चाहता है कि भारतीय कृषि क्षेत्र को उसके लिए खोला जाए और हमारी सरकार इसे खोलना नहीं चाहती।'' उन्होंने कहा कि इस मोर्चे पर चार महीने तक कुछ भी नहीं हुआ। गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने मंत्रिमंडल, कृषि मंत्री, रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री से परामर्श किए बिना अमेरिकी राष्ट्रपति को फोन किया। नेता प्रतिपक्ष के मुताबिक, मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कहा कि वह समझौते के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इस समझौते के तहत भारत ने अमेरिका को सोयाबीन, मक्का, कपास, फल और बादाम बेचने की अनुमति दी है।

गांधी ने कहा, ''हमारे किसान आधुनिक मशीनों से लैस नहीं हैं। उनके पास छोटी जोत वाली भूमि हैं, जबकि इसके उलट अमेरिका में विशाल जोत हैं और वहां मशीनीकृत खेती भी होती है।'' उन्होंने आरोप लगाया, ''नरेन्द्र मोदी जी ने कृषि क्षेत्र के दरवाजे खोल दिए हैं। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा- इन सभी राज्यों के किसान बर्बाद हो जाएंगे।'' गांधी ने कहा, ''अमेरिका से सामान आएगा और हमारे किसान बर्बाद हो जाएंगे।'' उन्होंने कहा, ''मोदी ऐसा नहीं करना चाहते थे। मुझे पता है, क्योंकि चार महीने से वह इसे रोकने की कोशिश कर रहे थे। सरकार में हमारे संपर्क हैं, हम नौकरशाहों को जानते हैं, और हमने उनसे पूछा कि क्या वह कृषि क्षेत्र खोलेंगे। उन्होंने कहा कि वह ऐसा नहीं कर रहे हैं।''

गांधी ने कहा, ''कांग्रेस हो या भाजपा, आज तक किसी प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र को नहीं खोला है।'' उन्होंने कहा, ''फिर सवाल उठता है कि जो काम मोदी ने चार महीने तक नहीं किया, वह उन्होंने 15 मिनट में कैसे कर दिया?'' लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अगर भारत हर साल नौ लाख करोड़ रुपये का सामान खरीदता है, तो हमारे लघु एवं मध्यम उद्योग क्षेत्र का क्या होगा? उन्होंने दावा किया कि यह क्षेत्र पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका से कहा है कि भारत उसी देश से तेल खरीदेगा जिससे वह (अमेरिका) चाहेगा। गांधी ने कहा, ''हम न तो रूस से तेल खरीदेंगे और न ही ईरान से। अगर आप (अमेरिका) हमें वेनेजुएला, अमेरिका और सऊदी अरब से तेल खरीदने के लिए कहते हैं, तो भारत की पूरी ऊर्जा सुरक्षा खत्म हो जाएगी।'' इस अवसर पर कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल, भूपेश बघेल, पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर रंधावा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News