कजाकिस्तान में SCO रक्षा मंत्रियों की बैठक में भारत ने शांति और सहयोग पर दिया जोर

Saturday, Apr 27, 2024 - 02:00 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क. रक्षा सचिव गिरिधर अरामाने ने शुक्रवार को कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के रक्षा मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए। इस दौरान सभी SCO सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों ने एक प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किए। बैठक के बाद एक प्रेस रिलीज जारी किया गया। इसमें SCO के रक्षा मंत्रियों ने अन्य पहलों के अलावा, 'एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' के विचार को विकसित करने पर सहमति प्रकट की। बता दें यह विचार ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के प्राचीन भारतीय दर्शन का परिचायक है। बैठक में आतंकवाद के सभी रूपों के प्रति 'शून्य-सहिष्णुता दृष्टिकोण' अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।


रक्षा मंत्रालय ने कहा- बैठक के दौरान रक्षा सचिव ने एससीओ क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखने के प्रति भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने एससीओ सदस्य देशों की समृद्धि और विकास के लिए सभी तरह के आतंकवाद के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं का दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।


रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने संयुक्त राष्ट्र में अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद पर व्यापक सम्मेलन के भारत के लंबे समय से चले आ रहे प्रस्ताव का उल्लेख किया। इसके अलावा उन्होंने हिंद-प्रशांत के लिए भारत द्वारा प्रस्तावित ‘क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास (सागर-एसएजीएआर)’ की अवधारणा पर भी प्रकाश डाला।

Parminder Kaur

Advertising