दिल्ली में बनेगा भारत का पहला पुलिस म्यूजियम

Sunday, Jun 10, 2018 - 08:05 PM (IST)

नई दिल्लीः भारत में जल्द ही पहला राष्ट्रीय पुलिस संग्रहालय बनने वाला है। केंद्र सरकार ने लुटियन दिल्ली में इसे स्थापित करने का फैसला किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के चाणक्यपुरी इलाके में राष्ट्रीय पुलिस स्मारक परिसर में भूमिगत संग्रहालय का निर्माण होगा। इस संग्रहालय में केंद्रीय और राज्य पुलिस बलों का इतिहास जानने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही उनसे जुड़ी कलाकृति, वर्दी तथा अन्य सामग्री प्रर्दिशत की जाएगी।

संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या गृह मंत्री राजनाथ सिंह 21 अक्तूबर (पुलिस स्मृति दिवस) पर इसका शुभारंभ करेंगे। खुफिया ब्यूरो इस परियोजना के लिए मागदर्शन कर रहा है और रिकॉर्ड के मुताबिक आईबी के निदेशक राजीव जैन ने प्रक्रिया में तेजी के लिए पिछले महीने बैठक बुलाई थी।

अभी राज्य पुलिस बल के हैं म्यूजियम
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘कुछ राज्य पुलिस बलों और अर्धसैन्य बलों के अपने छोटे संग्रहालय है लेकिन यह पहली बार है जब देश में पुलिस विषयों पर राष्ट्रीय स्तर की स्थायी दीर्घा होगी। पुलिस विषय पर शोधकर्ताओं को जानकारी के लिए भी इससे मदद मिलेगी।’’

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), केंद्रीय पुलिस संगठन और राज्य पुलिस बलों से अपने ऐतिहासिक दस्तावेज, सामग्री, पुलिस संबंधी गजट अधिसूचना और अनूठे हथियार और वर्दी को संग्रहित करने को कहा गया है ताकि इसे संग्रहालय में प्रर्दिशत किया जा सके।

Yaspal

Advertising