भारत-रूस ने रक्षा संबंधों को बढ़ाने को लेकर की चर्चा

Wednesday, Apr 04, 2018 - 08:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क: रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने रूस के रक्षा मंत्री जनरल सर्गेई शोयगू और उद्योग एवं व्यापार मंत्री डेनिस मंटुरोव से मॉस्को में विस्तृत वार्ता की। इस दौरान दोनों पक्षों ने जल्द ही विभिन्न सैन्य प्लैटफॉर्मों के लिए बातचीत में तेजी लाने का फैसला किया। रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्ष द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमत हुये। 

तीन दिवसीय रूस यात्रा पर सीतारमण 
सीतारमण अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा पर 7वें मॉस्को सम्मेलन में शिरकत करने के लिए रूस की तीन दिन की यात्रा पर हैं। रूस भारत को हथियारों और गोला- बारूदों की आपूर्ति करने वाले प्रमुख देशों में शामिल है। भारत रूस पर जोर दे रहा है कि वह प्रमुख रक्षा प्लैटफार्मों के लिए प्रौद्योगिकी साझा करने में उदार रवैया अपनाए क्योंकि उन्हें अभियान के लिए तैयार रखना महत्वपूर्ण है। भारत की ज्यादातर हथियार प्रणालियां रूसी मूल की हैं। समझा जाता है कि जनरल शोयगू और मंटूरोव दोनों के साथ हुई सीतारमण की वार्ता में इस मुद्दे पर चर्चा हुई। 

रक्षा मिसाइल प्रणालियों की खरीद पर हुई चर्चा 
सूत्रों के अनुसार दोनों पक्ष विभिन्न सैन्य प्लैटफॉर्मों के लिए वार्ता में तेजी लाने पर सहमत हुए। दोनों देशों ने अब तक एस-400 ट्रायंफ हवाई रक्षा मिसाइल प्रणालियों की खरीद के लिए 40,000 करोड़ रुपए के करार को अंतिम रूप नहीं दिया है। कीमतों के मुद्दे पर मतभेद के कारण भारतीय सशस्त्र बलों के लिए प्रस्तावित इस करार को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। दोनों नेताओं ने 11 से 14 अप्रैल तक चेन्नई में आयोजित होने वाले डिफेंस एक्सपो में रूस की भागीदारी पर भी चर्चा की। जनरल श्योगू से बातचीत में सीतारमण ने द्विपक्षीय महत्व के मुद्दों पर चर्चा की। 

vasudha

Advertising