ड्रैगन को उसकी भाषा में भारत ने दिया जवाब, चीनी नागरिकों के लिए जारी टूरिस्ट वीजा किए रद्द

Monday, Apr 25, 2022 - 10:49 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत ने चीन को उसी की भाषा में जवाब देते हुए चीनी नागरिकों को जारी टूरिस्ट वीजा को निलंबित कर दिया है। दरअसल भारत चीनी विश्वविद्यालयों में पंजीकृत लगभग 22,000 भारतीय छात्रों की परेशानी को चीन के समक्ष उठाता रहा है, ये छात्र वहां जाकर कक्षाएं नहीं ले पा रहे हैं। चीन ने अभी तक इन छात्रों को देश में आने की मंजूरी नहीं दी है। वर्ष 2020 में covid-19 महामारी के प्रकोप के कारण इन छात्रों को अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़कर भारत लौटना पड़ा था।

 

भारत को लेकर 20 अप्रैल को जारी एक आदेश में अंतर्राष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (IATA) ने कहा कि चीन (पीपुल्स रिपब्लिक) के नागरिकों को जारी किए गए पर्यटक वीजा अब वैध नहीं हैं। IATA ने यह भी कहा कि 10 साल की वैधता वाले पर्यटक वीजा अब मान्य नहीं हैं। IATA लगभग 290 सदस्यों वाली एक वैश्विक एयरलाइन निकाय है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने 17 मार्च को कहा था कि भारत ने पेइचिंग से भारतीय छात्रों के मामले में सौहार्दपूर्ण रुख अपनाने का आग्रह किया है क्योंकि सख्त प्रतिबंध हजारों भारतीय छात्रों के शैक्षणिक करियर को खतरे में डाल रहे हैं।

 

बागची ने कहा कि चीनी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने 8 फरवरी को कहा था कि चीन इस मामले को समन्वित तरीके से देख रहा है और विदेशी छात्रों को चीन लौटने की अनुमति देने की व्यवस्था की जांच की जा रही है। बागची ने कहा कि लेकिन मैं स्पष्ट कर दूं कि आज तक चीनी पक्ष ने भारतीय छात्रों की वापसी के बारे में कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी है। हम चीनी पक्ष से अपने छात्रों के हित में एक अनुकूल रुख अपनाने का आग्रह करना जारी रखेंगे।

Seema Sharma

Advertising