भारत ने सिक्किम में भेजे और सैनिक

Monday, Jul 03, 2017 - 11:15 AM (IST)

बीजिंग: भारत ने सिक्किम के पास एक इलाके में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए और अधिक सैनिकों को ‘नॉन-कांबटिव मोड’ में लगाया है, जहां करीब एक महीने से भारतीय सैनिकों का चीनी जवानों के साथ गतिरोध बना हुआ है और यह दोनों सेनाओं के बीच 1962 के बाद से सबसे लंबा इस तरह का गतिरोध है।

चीन ने शर्त रखते कहा है कि अगर भारत गतिरोध खत्‍म करना चाहता है तो डोकलाम से अपने सैनिक हटा ले। सूत्रों ने कहा कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) द्वारा भारत के दो बंकरों को तबाह किए जाने और ‘आक्रामक चालें’ अपनाए जाने के बाद भारत ने और अधिक सैनिकों को लगाया है। गैर-लड़ाकू मोड या ‘नॉन-कांबेटिव मोड’ में बंदूकों की नाल को जमीन की ओर रखा जाता है।

दोनों देशों की सेनाओं के बीच गतिरोध से पहले के घटनाक्रम का पहली बार ब्योरा देते हुए सूत्रों ने कहा कि पीएलए ने गत एक जून को भारतीय सेना से डोका ला के लालटेन में 2012 में स्थापित दो बंकरों को हटाने को कहा था जो चंबी घाटी के पास और भारत-भूटान-तिब्बत ट्राईजंक्शन के कोने में पड़ते हैं। कई साल से इस क्षेत्र में गश्त कर रही भारतीय सेना ने 2012 में फैसला किया था कि वहां भूटान-चीन सीमा पर सुरक्षा मुहैया कराने के साथ ही पीछे से मदद के लिए 2 बंकरों को तैयार रखा जाएगा।
 
 

Advertising