रूस में भारत की किरकिरी, आधी रेस में ही खराब हो गए दोनों टैंक

Saturday, Aug 12, 2017 - 04:06 PM (IST)

मॉस्कोः रूस में चल रहे अंतर्राष्ट्रीय सैन्य खेल 2017 में हुई किरकिरी भारत बाहर हो गया। भारत के दोनों टैंक तकनीकी दिक्कतों की वजह से रेस को पूरा ही नहीं कर पाए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भारत इन खेलों के लिए T-90 टैंक लेकर शामिल हुआ था। इसमें से एक प्रमुख और एक रिजर्व में रखा गया टैंक शामिल था लेकिन रेस के दौरान दोनों ही टैंक खराब हो गए।  इसके बाद भारत को अयोग्य घोषित करके बाहर कर दिया गया। 

भारतीय आर्मी के लिए यह प्रतियोगिता का अंत बिल्कुल अच्छा नहीं रहा वह भी ऐसे वक्त में जब शुरुआती चरण में भारत की तरफ से बाकी देशों को कड़ी टक्कर दी जा रही थी। भारत को इस बार जीत के प्रबल दावेदारों में शामिल माना जा रहा था। अब रूस, बेलारूस, कजाकिस्तान और चीन फाइनल मुकाबले के लिए आगे बढ़ गए हैं। इन चारों में से ही कोई अब इस गेम को जीतेगा। रेस में रूस और कजाकिस्तान T-72B3 टैंक, बेलारूस T-72 और चीन 96बी टैंक के साथ शामिल हुआ है। 

वहीं भारत ने रूस द्वारा डिजाइन किए गए T-90 टैंक के साथ उतरने का फैसला किया था।  माना जा रहा था कि भारत रेस के लिए स्वदेशी टैंक अर्जुन को उतारेगा, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। शुरुआत में भारत रूस द्वारा मुहैया करवाए गए T-72 टैंक से साथ उतरा था। लेकिन उन टैंक्स के साथ भारतीय आर्मी सहज नहीं थी इसलिए जहाज के रास्ते भारत ने T-90 टैंकों को मंगाया।

Advertising