भारत ने कश्मीर पर पाकिस्तान कैबिनेट के फैसले को किया खारिज

Friday, Jul 15, 2016 - 08:24 PM (IST)

नई दिल्ली: भारत ने आतंकवादी बुरहान वानी की जम्मू कश्मीर में मौत के संबंध में पाकिस्तान सरकार के मंत्रिमंडल के प्रस्ताव को भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप बताते हुए आज सिरे से खारिज कर दिया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने आज मंत्रिमंडल की बैठक बुलाकर वानी की मौत के संबंध में प्रस्ताव पारित किया था।   

 
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने पत्रकारों के इस संबंध में पूछे गये सवालों के जवाब में कहा, भारत जम्मू कश्मीर की स्थिति के बारे में पाकिस्तान के मंत्रिमंडल के प्रस्ताव को एक स्वर से पूरी तरह खारिज करता है। उन्होंने कहा, हम भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की पाकिस्तान की निरंतर कोशिशों से खिन्न हैं और दोहराते हैं कि पाकिस्तान या किसी अन्य बाहरी पक्ष का इसमें कोई अधिकार नहीं है। 
 
पाकिस्तान द्वारा वानी को शहीद करार दिये पर भारत का कहना है कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के आतंकवादियों के महिमा मंडन से यह पूरी तरह स्पष्ट हो जाता है कि पाकिस्तान आतंकवादियों के प्रति सहानुभूति का रूख रखता है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों के पाकिस्तान के कदमों से पता चलता है कि वह जम्मू कश्मीर के घटनाक्रम से राजनीतिक फायदा उठा रहा है और उसका उद्देश्य इसकी आड में घुसपैठ को बढावा देना है।   
 
उन्होंने उम्मीद जताई कि पाकिस्तान भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप तथा आतंकवाद का समर्थन बंद कर दक्षिण एशिया में स्थिति को अस्थिर करने से बाज आयेगा। पाकिस्तान शांति तथा संंबंधों को सामान्य बनाने की भारत की पहलकदमियों पर रचनात्मक रूख अपनायेगा। वानी की मौत के बाद उपजी स्थिति को भुनाते हुए पाकिस्तान की कश्मीर मुद्दे का अंतर्राष्ट्रीयकरण किये जाने की कोशिशों के बाद दोनों देशों के संबंधों में काफी खटास आई है।  
 
Advertising