भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा : मुख्यमंत्री योगी

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 06:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर से तेजी से आगे बढ़ा है। केंद्रीय बजट की विशेषताओं को लेकर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने ''दूरदर्शी'' बजट प्रस्तुत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहला बजट है जो कर्तव्य भवन से तैयार होकर सामने आया है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह बजट हर भारतीय को अपने कर्तव्यों का बोध कराता है और इसमें भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। योगी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश की 25 करोड़ से अधिक आबादी गरीबी रेखा से बाहर निकलकर भारत की प्रगति में अपना योगदान दे रही है।

PunjabKesari

उन्होंने कहा, ''इसी का परिणाम है कि भारत आज दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ''2015 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित किया था और उनका निरंतर आग्रह रहा है कि हमें 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों पर भी राष्ट्रव्यापी चर्चा का आह्वान किया था।'' योगी ने कहा, ''हम मौलिक अधिकारों की तो बात करते हैं, लेकिन अपने कर्तव्यों पर चर्चा नहीं करते। राष्ट्र और समाज के प्रति प्रत्येक नागरिक के कर्तव्यों को समझना और निभाना आवश्यक है।'' उन्होंने कहा कि युवा शक्ति, महिलाएं, गरीब और वंचित वर्ग को केंद्र में रखकर तथा पूरे देश में समान और समावेशी विकास के उद्देश्य से वित्त मंत्री ने वर्ष 2026-27 का बजट संसद में प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किए गए प्रयासों से यह सुनिश्चित हुआ है कि सरकारी नीतियां और योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका स्पष्ट प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई दे। उन्होंने कहा कि जब नीतियां स्पष्ट हों व संकल्प दृढ़ हो, तो परिणाम भी स्पष्ट होते हैं और वैश्विक आर्थिक मंच पर भारत की तेज प्रगति इसी स्पष्टता तथा दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाती है। योगी ने कहा कि यह बजट सुधार, विकास और राजकोषीय अनुशासन का संतुलित दस्तावेज है, जो नए भारत के निर्माण के साथ-साथ उत्तर प्रदेश को विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आम बजट 2026-27 उत्तर प्रदेश को 'विकसित भारत-2047' के लक्ष्य में अग्रणी भूमिका निभाने में सक्षम बनाएगा। उन्होंने कहा कि बजट का सबसे महत्वपूर्ण और दूरगामी प्रभाव डालने वाला पहलू एसएमई के लिए 10,000 करोड़ रुपये के प्रावधान की घोषणा है। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश इस क्षेत्र में देश का नेतृत्व करता है और प्रदेश के पास देश का सबसे बड़ा एमएसएमई आधार है। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, योगी ने कहा कि 'ईस्टर्न एंड वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर' उत्तर प्रदेश से होकर गुजर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश के भीतर देश का सबसे बड़ा 'लॉजिस्टिक्स हब' विकसित हो रहा है और इसका सीधा लाभ उद्योग, व्यापार व रोजगार सृजन के रूप में उत्तर प्रदेश को प्राप्त होगा।

PunjabKesari

योगी ने कहा कि देश में घोषित 20 अंतर्देशीय जलमार्गों में उत्तर प्रदेश की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को 'डेटा सेंटर हब' के रूप में विकसित करने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदम उत्तर प्रदेश को एक नई दिशा देंगे। उन्होंने बताया कि बजट में महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना की घोषणा की गई है, जिसका सर्वाधिक लाभ उत्तर प्रदेश को मिलेगा। योगी ने कहा कि अगर सरकार बुनियादी सुविधाएं और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर दे, तो कोई भी धार्मिक या ऐतिहासिक केंद्र स्वतः ही विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल बन सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम बजट में देशभर के 15 पुरातात्विक स्थलों को विकसित करने का प्रावधान किया गया है, जिनमें से दो महत्वपूर्ण स्थल उत्तर प्रदेश में स्थित हैं, सारनाथ (वाराणसी) और हस्तिनापुर (मेरठ)। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News