भूटान के सामाजिक-आर्थिक विकास को लेकर भारत प्रतिबद्ध: कोविंद

Saturday, Jul 07, 2018 - 04:45 AM (IST)

नई दिल्ली: राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा कि भारत, भूटान के सामाजिक-आर्थिक विकास और उसकी 12वीं पंचवर्षीय योजना में सहयोग करने को लेकर प्रतिबद्ध है। 


कोविंद ने शुक्रवार को यहां राष्ट्रपति भवन में भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोब्गे से मुलाकात के दौरान यह बात कही। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और भूटान के बीच एक आदर्श द्विपक्षीय भागीदारी है। दोनों देशों के संबंध अनूठे और विशिष्ट हैं। हमारे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध हमें प्राकृतिक मित्र बनाते हैं। भारत की सरकार और यहां के लोग द्रुक ग्यालपोस के दृष्टिकोण की सराहना करते हैं। इससे भारत और भूटान के बीच संबंधों को दिशा मिली है। 

भूटान नरेशों तथा भारतीय नेतृत्व की बुद्धिमत्ता और दूरदर्शिता से भारत-भूटान संबंध प्रगाढ़ हुए हैं। कोविंद ने कहा कि हाल के वर्षों में भूटान ने आर्थिक क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है। सामाजिक मानदंडों पर यह देश आगे बढ़ा है। भूटान, प्रसन्न्ता को एक राष्ट्रीय दर्शन मानता है। उन्होंने भूटान के 11वीं पंचवर्षीय योजना के दौरान परियोजनाओं को समय पर पूरा करने को लेकर उसकी सराहना भी की। गौरतलब है कि भारत और भूटान इस वर्ष अपने राजनयिक संबंधों की स्वर्ण जयंती मना रहे हैं। इसके तहत भारत और भूटान में करीब 50 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 

 

Pardeep

Advertising