UN की बैठक में CAA पर चर्चा, एम जे अकबर और इलियासी ने रखा भारत का पक्ष

Saturday, Feb 29, 2020 - 05:15 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः नागरिकता संशोधन कानून (CAA) पर विवाद को लेकर भारत ने जेनेवा में ह्यूमन राइट्स काउंसिल की बैठक में अपना पक्ष मजबूती से पेश किया। बैठक में भारतीय सांसद एम जे अकबर, मुस्लिम धर्म नेता मौलाना उमर इलियासी समेत यूरोपीय सांसद ने इस कानून समेत भारत में मुसलमानों की स्थिति पर भारत का पक्ष मजबूती से रखते हुए स्पष्ट किया कि भारत में मुस्लिम समुदाय के हालात विश्व में किसी भी और देश से कहीं ज्यादा बेहतर हैं।

पूर्व विदेश राज्य मंत्री और भाजपा सांसद एम जे अकबर ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में सभी धर्मों को बराबर के अधिकार हैं और यही भारतीय सविंधान का आधार है। अकबर ने कांग्रेस सांसद शशि थरुर के हालिया बयानों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि शशि थरुर के बयान सच्चाई से परे है।उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया कि नागरिकता कानून से किसी की भी नागरिकता छीनी नहीं जाएगी। वहीं बैठक में भारत में मुख्य इमाम मौलाना उमर इलियासी ने कहा कि भारत में मुस्लिम समुदाय की संख्या दुनिया में दूसरी सबसे ज्यादा है और सभी भारत में सविंधान के तहत बराबर का अधिकार प्राप्त है।

पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए मौलाना इलियासी ने कहा कि पाकिस्तान को भारत के आतंरिक मामलों में दखल देने का कोई हक नहीं है। भारत में मुसलमान जीतने सुरक्षित हैं उतने विश्व में कहीं और नहीं. मौलाना इलियासी ने दोहराया कि नए कानून के बावजूद कहीं का भी कोई भी मुसलमान नागरिकता के लिए कानूनन आवेदन कर सकता है। भारत के साथ कई यूरोपीय सांसदों ने भी कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के तहत किसी की नागरिकता लेने का कतई कोई प्रावधान नहीं है और इसे लेकर कोई विवाद नहीं होना चाहिए।

Tanuja

Advertising