राजस्थान में 14 सीटों से बीजेपी, 8 सीटों से कांग्रेस आगे

punjabkesari.in Tuesday, Jun 04, 2024 - 12:10 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजस्थान में लोकसभा की 25 सीटों के लिए हुए मतदान की गिनती मंगलवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। राज्य में 29 स्थानों पर मतगणना करवाने के लिए 13 हजार से अधिक कर्मचारी लगाए गए हैं। बता दें कि राजस्थान में भाजपा इस समय लीड में चल रही है। 25 सीटों में से भाजपा 14 सीटों से आगे दिखाई दे रही है। अब तक आंकड़ों की बात करें तो 

BJP - 14 सीटों से जीत की ओर बढ़ रही है
कांग्रेस - 8 सीटों पर जीत रही है 
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी - 1
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी - 1
भारत आदिवासी पार्टी - 1

वर्ष 2014 के आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य की सभी 25 संसदीय सीट जीती थीं। वहीं 2019 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने सभी सीट (24 भाजपा और एक राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी) जीतीं, लेकिन इस बार ‘एग्जिट पोल' में अनुमान जताया गया है कि कि पांच से सात सीट विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया' को मिल सकती हैं। इस बार कांग्रेस ने सीकर में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और नागौर में आरएलपी के साथ गठबंधन किया और बांसवाड़ा सीट पर उसने भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) का समर्थन किया, जबकि भाजपा सभी 25 सीट पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ रही है।

मतगणना के बाद श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा, नागौर, बाड़मेर, जोधपुर, जालौर, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, कोटा, टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, उदयपुर, राजसमंद तथा झालावाड़-बारां सीट के नतीजे घोषित किए जाएंगे। वहीं, बांसवाड़ा की बागीदौरा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का परिणाम भी घोषित किया जाएगा। यह सीट कांग्रेस विधायक महेंद्रजीत सिंह मालवीय के इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के बाद खाली हुई थी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mahima

Related News