कर्नाटक में महंगाई का बड़ा झटका, पेट्रोल- डीजल की कीमत में बढ़ोतरी, BJP करेगी विरोध प्रदर्शन

punjabkesari.in Sunday, Jun 16, 2024 - 05:14 PM (IST)

कर्नाटक : कर्नाटक में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई 17 जून को पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन करेगी। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने रविवार को यह जानकारी दी। कर्नाटक सरकार ने शनिवार को ईंधन पर 'बिक्री कर' बढ़ा दिया है, जिससे पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ गई। बिक्री कर बढ़ने से पेट्रोल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।

PunjabKesari

मुख्यालयों पर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन होगा
विजयेंद्र ने पार्टी के हासन जिला मुख्यालय में ‘पीटीआई-भाषा' से कहा, ‘‘हम मुख्यमंत्री से 'बिक्री कर' बढ़ाने के फैसले को तत्काल वापस लेने का आग्रह करते हैं। कल हमने पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए हैं और जब तक यह बढ़ोतरी वापस नहीं ली जाती, हम चुप नहीं बैठेंगे।'' उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन होगा।

विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि 'हताश मुख्यमंत्री' ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें इसलिए बढ़ा दीं, क्योंकि वह ‘पांच गारंटी' के चलते कोई नया कार्यक्रम शुरू करने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लोकसभा चुनावों के बाद कांग्रेस सरकार ने ईंधन के दाम बढ़ा दिए। इससे राज्य के सभी वर्गों को परेशानी होगी।''

PunjabKesari

'बिक्री कर' बढ़ाने का उद्देश्य संसाधन जुटाना
अधिकारियों के अनुसार, ईंधन पर 'बिक्री कर' बढ़ाने का उद्देश्य संसाधन जुटाना है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने राज्य के राजस्व सृजन और राजकोषीय स्थिति की समीक्षा की और इस संबंध में निर्णय लिया। वह वित्त मंत्री का भी अतिरिक्त प्रभार निभा रहे हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी लोकसभा चुनाव के नतीजों के कुछ दिनों बाद हुई है। लोकसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को कर्नाटक में 28 में से 19 सीट मिलीं, जिनमें भाजपा को 17 और जनता दल (सेक्युलर) को दो सीट शामिल हैं। राज्य की सत्तारुढ़ कांग्रेस पार्टी ने नौ सीट पर जीत हासिल की। 

 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Utsav Singh

Related News