पार्रिकर के स्वास्थ्य में सुधार, अगले हफ्ते मंत्रिमंडल की बैठक में ले सकते हैं हिस्सा

Sunday, Mar 04, 2018 - 04:32 PM (IST)

पणजी: गोवा भाजपा ने आज कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और उनके सात मार्च को प्रदेश मंत्रिमंडल की अध्यक्षता करने की उम्मीद है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विनय तेंदुलकर ने गोवा प्रशासन के ढहने के कगार पर होने के कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी पार्टी को शासन को लेकर विपक्ष के सलाह की जरूरत नहीं है। अग्न्याशय संबंधी बीमारी से पीड़ित होने के बाद र्पिरकर को गत 15 फरवरी को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 22 फरवरी को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई लेकिन हल्के निर्जलीकरण से पीड़ित होने के बाद उन्हें 25 फरवरी को गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्हें अस्पताल से एक मार्च को छुट्टी दे दी गई। तेंदुलकर ने कहा कि मुख्यमंत्री घर से काम कर रहे हैं और गोवा के मंत्रियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक भाजपा सरकार की बात है, हमें कांग्रेस पार्टी के सलाह की जरूरत नहीं है। हमारे मुख्यमंत्री अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और फाइलों को मंजूरी दे रहे हैं।’’ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री स्थिति का जायजा ले रहे हैं और उनके सात मार्च को प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में हिस्सा लेने की उम्मीद है।

Advertising