पर्यावरण पर भी दिखा लॉकडाउन का असर, दिल्ली में वायु प्रदूषण निचले स्तर पर

Friday, Apr 03, 2020 - 08:53 PM (IST)

नई दिल्लीः कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण भारत समेत दुनिया भर के देशों में लॉकडाउन है. लोग घरों में रह रहे हैं. सड़कों पर गाड़ियां नहीं चल रहीं।  फैक्ट्रियां बंद हैं। लॉकडाउन की वजह से भले ही लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है लेकिन लॉकडाउन का सकारात्मक असर पर्यावरण पर दिखाई दे रहा है। ऐसा पहली बार हुआ है कि भारत में तमाम शहरों की हवा बेहद साफ हुई है। देश की राजधानी दिल्ली में लॉकडाउन का असर साफ देखने को मिला है।

पिछले कुछ दिनों में दिल्ली की वायु गुणवत्ता में बहुत सुधार हुआ है। आसमान नीला और साफ दिखाई देने लगे हैं। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है। राजधानी के अधिकतर हिस्सों में AQI बेहतर स्थिति में है। शुक्रवार को इंडिया गेट के ऊपर का आसमान नीला और साफ दिखाई दिया। हालांकि कई जगहों पर अभी भी हवा की गुणवत्ता 50 फीसदी से ऊपर है। लेकिन मंदिर मार्ग, इंदिरा गाधी एयरपोर्ट आदि जगहों पर वायु प्रदूषण में बड़ी गिरावट देखी गई है।

दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस में भी हवा की गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा जामा मस्जिद और कालका मंदिर क्षेत्र में भी हवा में सुधार हुआ है। 

वहीं इस बीच पंजाब के जालंधर में निवासियों को ऐसा नजारा देखने को मिला कि सभी लोग आश्चर्य में पड़ गए। दरअसल, पंजाब के जालंधर में रहने वाले लोगों का कहना है कि हवा इतनी ज्यादा साफ हो गई है कि उन्हें अपने घरों की छत से ही दूर हिमालय की धौलधार पर्वत श्रृंखला दिखाई दे रही है। ये लोग कई साल से यहां रह रहे हैं लेकिन बादल और प्रदूषण की वजह से ऐसा नजारा पहले कभी देखने को नहीं मिला।

 

Yaspal

Advertising