Rain Alert: नए साल पर आफत बनकर बरसेगी बारिश! जश्न होगा फीका, इन 8 राज्यों में IMD की भविष्यवाणी

punjabkesari.in Monday, Dec 29, 2025 - 03:35 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारत के अधिकतर राज्यों में फिलहाल सर्दी अपने चरम पर है। ठंड और कोहरे ने लोगों की दिहाड़ी बढ़ा दी है, वहीं मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में आज सोमवार, 29 दिसंबर को भी कोहरे की चादर देखने को मिली।

कहां-कहां बारिश की संभावना?
मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 31 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच बारिश के आसार हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 29 दिसंबर को बारिश होने की संभावना है और 30 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच बारिश या बर्फबारी का अनुमान है। इसी दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बर्फबारी या बारिश होने की संभावना जताई गई है।

तापमान का हाल
IMD के मुताबिक, अगले 24 घंटों में उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद आगामी तीन दिनों में तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है। मध्य और पूर्वी भारत में अगले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, हालांकि इसके बाद 2-3 दिनों में यहां तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। देश के अन्य हिस्सों में फिलहाल न्यूनतम तापमान में कोई खास परिवर्तन की उम्मीद नहीं है।

किस राज्य में कोहरे का प्रकोप रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुबह और रात के समय 31 दिसंबर तक घना कोहरा छा सकता है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी तक घना कोहरा बने रहने की संभावना है। इसके अलावा, 30 दिसंबर तक पूर्वी मध्य प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में, तथा 1 जनवरी तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में घना कोहरा रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आज कोल्ड डे के हालात बन सकते हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश में 31 दिसंबर से 1 जनवरी तक कोल्ड डे की आशंका जताई गई है। इसके अलावा, 30 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर का अनुभव हो सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Shubham Anand

Related News