मानसून का इंतजार हुआ और लंबा, जानिए इस बार क्या कहती है  IMD की भविष्यवाणी ?

Sunday, Jul 11, 2021 - 09:00 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत के लिए मानसून का इंतजार लंबा होता जा रहा है।शनिवार को भी लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा, जबकि कुछ क्षेत्रों में पूर्वी हवाओं के कारण बारिश हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले 24 घंटे के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के दिल्ली, हरियाणा और पंजाब सहित उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में पहुंचने का अनुमान है।


शनिवार को भी नहीं हुई बारिश
दिल्ली में शनिवार को भी मानसून ने दस्तक नहीं दी और अब अगले 24 घंटे के भीतर यह राष्ट्रीय राजधानी में पहुंच सकता है। दिल्ली में उमस भरी गर्मी रहने के साथ ही अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी में मानसून 13 दिनों की देरी के बाद शनिवार को पहुंच जाएगा। आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक पिछले 15 वर्षों के दौरान यह पहली बार है जब मानसून दिल्ली में इतनी देरी से पहुंच रहा है।


जम्मू-कश्मीर में हुई भारी बारिश 
पंजाब और हरियाणा में शनिवार को भी गर्मी का कहर जारी रहा, जबकि कुछ स्थानों पर बारिश हुई। पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में अधिकतम तापमान क्रमश: 36.5, 37.1 और 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से प्रमुख जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया और 500 से अधिक वाहन फंस गए। राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई और वहां मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं।


 केरल में भारी बारिश की चेतावनी जारी 
करीब 10 दिनों के अंतराल के बाद मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है, जिसके कारण राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली। उधर, केरल के कन्नूर और कासरगोड जिलों में रविवार को भारी बारिश के लिए चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने केरल के तटीय इलाकों में मछुआरों के लिए चेतावनी जारी कर उन्हें समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गयी है।

vasudha

Advertising