"जाधव को फांसी हुई तो पाकिस्तान का बलूचिस्तान होगा आजाद देश"

Tuesday, Apr 11, 2017 - 06:08 PM (IST)

नई दिल्ली: कुलभूषण जाधव को फांसी की सजा सुनाए जाने के खिलाफ बडी  संख्या में लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने पाकिस्तान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान कुलभूषण जाधव को फांसी देता है तो भारत को भी बलूचिस्तान को एक स्वतंत्र राष्ट्र घोषित कर जवाब देना चाहिए।

स्वामी ने कहा कि पाकिस्तान के साथ उचित बातचीत, राजनयिक स्तर पर चर्चा या अपील के बारे में बोलने का कोई फायदा नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जाधव को फांसी सजा सुनाकर बलूचिस्तान में समस्याएं पैदा करना चाहता है। भारत को अब बलूचिस्तान को एक स्वतंत्र देश घोषित करना चाहिए। स्वामी ने कहा दिल्ली में पर्याप्त बलूची निर्वासन रहते हैं, जिन्हें सरकार बनाने के लिए कहा जा सकता है।

स्वामी ने कहा कि इस प्रकार से पाकिस्तान को चार टुकड़ों बांटना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक आतंकवादी राष्ट्र है, वह अपनी रवैया को नहीं बदलेगा। भारत एक सभ्य तरीके से इस्लामाबाद से नहीं निपट सकता।

जाधव को फांसी देने का पाकिस्तानी सैन्य अदालत का फैसला सोची समझी रणनीति का हिस्सा है। इससे पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने राज्यसभा में कहा कि भारत यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा कि पाकिस्तान में भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को न्याय मिले।

पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने मंगलवार को पाकिस्तानी सैन्य अदालत में चलाए गए एक मुकदमे में ‘‘जासूसी और विध्वंसक गतिविधियों’’ के आरोप पर मौत की सजा पाए भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव की सजा पर मुहर लगा दी है। 

Advertising