मैं कांग्रेस में बदलाव की आवाज बनना चाहता हूं, मैं चाहता हूं पार्टी सशक्त हो: शशि थरूर

Saturday, Oct 01, 2022 - 02:18 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने जा रहे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शनिवार को कहा है कि वह कांग्रेस में बदलाव की आवाज बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ चाहते हैं कि कांग्रेस सशक्त हो। वह लोगों को पार्टी का अलग चेहरा दिखाना चाहते हैं।

थरूर ने कहा है कि जैसा कांग्रेस में लोकतंत्र है, वैसा किसी भी अन्य पार्टी में नहीं है। जब अध्यक्ष पद के चुनाव घोषित हुए थे, तबसे मेरी इच्छा चुनाव लड़ने रही है. मैंने एक आर्टिकल लिखा था. उसमें बताया था कि चुनाव पार्टी के लिए अच्छा है। इसके कारण भी बताए थे. इसके बाद कई लोगों ने मुझसे चुनाव लड़ने को कहा. मैं सिर्फ पार्टी को सशक्त करना चाहता हूं।

वहीं, महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता आशीष देशमुख ने बताया कि थरूर दीक्षाभूमि जाकर श्रद्धांजलि देंगे, जहां डॉ. बी.आर आंबेडकर ने 1956 में अपने अनुयायियों के साथ बौद्ध धर्म अपना लिया था। देशमुख ने तिरुवनंतपुरम के सांसद थरूर के यहां के दौरे की व्यवस्था की है। थरूर (66) ने शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। उनकी यात्रा के कार्यक्रम के अनुसार, थरूर शनिवार शाम चार बजकर 50 मिनट पर नागपुर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और वहां से दीक्षाभूमि के लिए रवाना होंगे जहां वह डॉ. आंबेडकर को श्रद्धांजलि देंगे तथा बाद में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

रविवार को थरूर सुबह 9 बजे वर्धा में महात्मा गांधी के सेवाग्राम आश्रम जाएंगे और बाद में पवनार में विनोबा भावे के आश्रम जाएंगे। वह दोपहर 12 बजे के आसपास नागपुर लौटेंगे तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पार्टी की प्रदेश इकाई के सदस्यों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। देशमुख ने कहा कि थरूर लोकप्रिय कांग्रेस सांसद हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए उल्लेखनीय काम किया है। 

कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव पार्टी में विकेंद्रीकरण के लिए महत्वपूर्ण कदम है। देशमुख ने यह भी दावा किया कि 12 राज्यों में कांग्रेस प्रतिनिधियों (डेलिगेट्स) ने थरूर का खुलकर समर्थन किया है और उन्हें देशभर के पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का समर्थन मिल रहा है। गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में मल्लिकार्जुन खड़गे, शशि थरूर और के. एन. त्रिपाठी आगे आये हैं। इन तीनों ने शुक्रवार को अपने अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए।


 

Anu Malhotra

Advertising