कांग्रेस नेताओं से बोलीं प्रियंका: मैं चमत्कार नहीं कर सकती, आपका सहयोग चाहिए

Tuesday, Feb 19, 2019 - 08:38 AM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को पार्टी के कई नेताओं एवं कार्यकर्त्ताओं के साथ बैठक की और उनसे कहा कि वह ऊपर से कोई चमत्कार नहीं कर सकतीं बल्कि पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस से जुड़े सभी लोगों को संगठित होना होगा और सहयोग करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस का वार रूम कहे जाने वाले 15 गुरुद्वारा रकाबगंज रोड पर करीब सवा घंटे की बैठक में प्रियंका ने बुंदेलखंड में पार्टी संगठन की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में मौजूद एक नेता ने बताया कि प्रियंका गांधी ने कहा कि बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महासचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि जो नेता पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए जाएंगे, उनको बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।

Seema Sharma

Advertising