पैंथर्स पार्टी प्रमुख ने हुर्रियत नेताओं को बताया राष्ट्रवादी

Sunday, Jul 01, 2018 - 12:08 AM (IST)

कठुआ : पैंथर्स पार्टी के सुप्रीमो प्रो. भीम सिंह ने हुर्रियत नेताओं को भी पैंथर्स की तरह राष्ट्रवादी बताया है। प्रो. सिंह ने कहा कि कश्मीर में अगर हालात खराब हुए हैं तो राजनीतिक संगठनों की देन है जिसमें भाजपा भी शामिल है। भारत के संविधान के तहत कश्मीर के लोगों को मानव अधिकार नहीं मिल रहे हैं। जब कश्मीर को अधिकार मिलेंगे तो कश्मीर शांत हो जाएगा। कश्मीर में कई कश्मीरियों को बंद कर रखा है, कईयों को दिल्ली की जेलों में डाला गया है। ऐसा क्यों है? कश्मीर में पत्थरबाजों के हाथों में तिरंगा पकड़वाने को लेकर सरकार को प्रयास करने होंगे। 


कठुआ में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए प्रो भीम सिंह ने कहा कि भाजपा सत्ता में आने से पूर्व धारा 370 को हटाने की बात करती थी लेकिन अब खुद भाजपा 370 को ही मजबूत कर रही है। पूर्व पीडीपी व भाजपा सरकार में भाजपा के मंत्री खुद दो झंडों वाली गाडिय़ों में सत्ता का आनंद लेते रहे। भाजपा वही कर रही है तो पूर्व कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों ने किया। जब तक राज्य से इस धारा को हटाया नहीं जाता तब तक यहां बंदूकें थमने वाली नहीं हैं। यहां स्थिति ऐसी ही रहेगी।

 संविधान लागू करने की मांग
उन्होंने कहा कि कश्मीर में आज भी लोग, बच्चे सडक़ों पर हैं। राज्य विधानसभा भंग होने के बाद हुर्रियत और पत्थरबाज भी तिरंगा झंडा उठा लेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, पीडीपी, नैकां के अलावा जनसंघ से लेकर भाजपा तक ने रियासत के साथ कुछ नहीं किया। जब तक भारत का संविधान जम्मूूू कश्मीर में लागू नहीं होगा, तब तक रियासत में कुछ नहीं हो सकता। ऐसी स्थिति में पैंथर्स पार्टी चुनावों में किसी को समर्थन नहीं देगी। उन्होंने कहा कि राज्य में अब राज्यपाल शासन है और राज्यपाल को संविधान के तहत अधिकार है कि वे राज्य विधानसभा को भंग कर दें और नए सिरे से चुनाव करवाएं। तभी जाकर कश्मीर में शांति आएगी। 

Monika Jamwal

Advertising