बंगाल: नंदीग्राम सीट हार कर भी कैसे मुख्यमंत्री बनेंगी ममता बनर्जी, जानें क्या है नियम

Monday, May 03, 2021 - 10:38 AM (IST)

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भारी जीत दर्ज करने वाली सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम सीट पर कभी सहयोगी रहे अब भाजपा के प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी से हार गई हैं। बंगाल में ऐसा 'खेला' हो गया, जिसके बारे में किसी ने सोचा भी नहीं था। वहीं अब सभी के मन में सवाल है कि हार के बाद भी अब ममता बनर्जी बंगाल की मुख्यमंत्री कैसे बनेंगी। तो आपको यहां बता दें कि संविधान में एक नियम है जिसके तहत चुनाव हारने के बावजूद मुख्यमंत्री बना जा सकता है।

यह है नियम
मुख्यमंत्री बनने के लिए विधानसभा या विधान परिषद (जिन राज्यों में दो सदन हैं) का सदस्य होना जरूरी है लेकिन अगर विधानसभा या विधान परिषद सदस्य नहीं है या चुनाव हार गए हैं तो शपथ लेने के 6 महीने के अंदर सदस्य बनना जरूरी होता है। नियमों के मुताबिक, मुख्यमंत्री पद की शपथ बिना विधायक रहते ली जा सकती है। शपथ के बाद मुख्मंयत्री को 6 महीने का समय मिलता कि वो विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बन सके। अगर सदस्य ऐसा नहीं कर पाता है तो उसे मुख्.मंत्री का पद छोड़ना पड़ता है। 

ये हैं बिना विधायक रहते बने सीएम
  

  • उद्धव ठाकरे                               महाराष्ट्र
  • लालू प्रसाद यादव                       बिहार 
  • योगी आदित्यनाथ                        उत्तर प्रदेश
  • नीतिश कुमार                             बिहार
  • राबड़ी देवी                                 बिहार
  • कमलनाथ                                  मध्यप्रदेश
  • तीरथ सिंह रावत                          उत्तराखंड

ममता बोली- नंदीग्राम का जनादेश स्वीकार 
निर्वाचन आयोग ने नंदीग्राम सीट से शुभेंदु अधिकारी को 1,956 मतों से विजयी घोषित किया। आयोग ने पुष्टि की कि शुभेंदु अधिकारी को 1,10,764 मत मिले जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी ममता बनर्जी के पक्ष में 1,08,808 मत पड़े। हालांकि, आधिकारिक नतीजे आने से पहले घंटों तक भ्रम की स्थिति रही क्योंकि मीडिया के एक धड़े में अधिकारी पर ममता की जीत की खबर चलने लगी थी। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने भी धांधली का आरोप लगाया। वहीं ममता ने कहा कि नंदीग्राम के बारे में चिंता मत करो। नंदीग्राम का जनादेश मुझे स्वीकार है। साथ ही ममता ने कहा कि वह इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाएंगी।

Seema Sharma

Advertising