नोटबंदी असर: 30 प्रतिशत तक कम होंगी घरों की कीमतें

Thursday, Nov 24, 2016 - 09:25 PM (IST)

नई दिल्ली: नोटबंदी का असर रीयल एस्टेट सेक्टर पर बड़े पैमाने पर दिख सकता है। देश के 42 शहरों में मकानों की कीमत 30 पर्सेंट तक कम हो सकती है। प्रोपइक्विटी का मानना है कि नोटबंदी के चलते आने वाले 6-12 महीने में 42 प्रमुख शहरों में में मकानों की कीमत 30 प्रतिशत तक घट सकती है।
 

फर्म का कहना है कि इससे 2008 के बाद डेवल्परों द्वारा बेची गई व अनबिकी आवासीय संपत्तियों का बाजार मूल्य 8 लाख करोड़ रुपए से भी अधिक घट जाएगा। बयान में कहा गया है,‘भारतीय जमीन जायदाद क्षेत्र पर नोटबंदी के असर के कारण अवासीय संपत्तियों का बाजार मूल्य अगले 6-12 महीने में 8,02,874 करोड़ रुपए घट जाएगा। इसके अनुसार मकान कीमतों में गिरावट का सबसे अधिक असर मुंबई उसके बाद बेंगलुरू और गुडग़ांव पर होगा। 


कुल मार्केट वैल्यू में 2,00,330 करोड़ की सर्वाधिक गिरावट मुंबई में आएगी। इसके बाद बेंगलुरु में 99,983 करोड़ और गुडग़ांव में 79,059 करोड़ की गिरावट आ सकती है। भारत में रीयल एस्टेट सेक्टर का कुल मूल्य 39,55,044 करोड़ बताया जाता है। इसमें 8,02,874 करोड़ की कमी आने से यह 31,52170 करोड़ का रह जाएगा।

Advertising