रोहतक, हिसार व सोनीपत के बाद सिरसा बनी ‘हॉट’ सीट

Friday, May 03, 2019 - 12:21 AM (IST)

चंढीगढ़ः हरियाणा में रोहतक, सोनीपत व हिसार के बाद अब सिरसा भी हॉट सीट बन गई है। इस सीट पर एक राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित तीन प्रदेशाध्यक्षों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनैलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला का यह गृह क्षेत्र है। वहीं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर स्वयं चुनावी मैदान में हैं। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला इसी संसदीय क्षेत्र के टोहाना से विधायक हैं तो जननायक जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह भी टोहाना से ताल्लुक रखते हैं।

गौरतलब है कि सिरसा संसदीय क्षेत्र में कुल 18 लाख 3 हजार 353 मतदाता हैं, जिनमें 9.59 लाख पुरुष जबकि 8.49 महिला मतदाता हैं। हरियाणा गठन के बाद 1967 से लेकर 2014 तक इस सीट पर हुए 13 सामान्य चुनाव में 8 बार कांग्रेस, जबकि 1 बार जनता पार्टी व 4 बार लोकदल ने जीत दर्ज की है। यहां साल 1988 में हुए उपचुनाव में भी लोकदल ने जीत हासिल की थी। इस बार सिरसा में पांच प्रमुख सियासी दलों के उम्मीदवार मैदान में हैं। इनैलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला का यह गृह जिला है। अभय चौटाला इसी संसदीय क्षेत्र के ऐलनाबाद से विधायक हैं।

इस संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिरसा, फतेहाबाद व जींद जिलों के 9 विधानसभा क्षेत्रों में से 8 पर इनैलो के विधायक हैं। ऐसे में इनैलो के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का प्रश्र है। इसी तरह से कांग्रेस से स्वयं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर मैदान में हैं। वे 2009 में यहां से सांसद बने थे, लेकिन पिछली बार चुनाव हार गए थे। वहीं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला भी इसी संसदीय क्षेत्र के रहने वाले हैं। ऐसे में उनके लिए यह सीट प्रतिष्ठा का सवाल बनी हुई है।

जननायक जनता पार्टी के संस्थापक अजय सिंह चौटाला का भी यह गृह इलाका है। वहीं अजय चौटाला की पत्नी नैना चौटाला डबवाली से विधायक हैं तो जजपा के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह भी इसी क्षेत्र के रहने वाले हैं। ऐसे में कुल मिलाकर यह सीट दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर होने से हॉट सीट बन गई है।

मोदी व प्रियंका भी आएंगे
सिरसा सीट का महत्व इसी बात से लगा सकते हैं कि हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो रैलियां रखी गई हैं। इनमें से एक रैली सिरसा संसदीय क्षेत्र में रखी गई है। 8 मई को सिरसा संसदीय क्षेत्र के फतेहाबाद शहर में मोदी की रैली है। वहीं कांग्रेस की ओर से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का नाम फाइनल किया गया है, हालांकि अभी तारीख तय नहीं की गई है। कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी के अलावा प्रचार के लिए नवजोत सिंह सिद्धू, गुजरात के नेता हाॢदक पटेल सरीखे नेता आएंगे। वहीं भाजपा में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा यहां पर अनेक बड़े चेहरों को लाए जाने की योजना है।

सिरसा से अब तक बने सांसद

वर्ष        सांसद           पार्टी

1967      दलबीर सिंह        कांग्रेस
1971      दलबीर सिंह        कांग्रेस
1977      चांदराम              जनता पार्टी
1980      दलबीर सिंह        कांग्रेस
1984      दलबीर सिंह        कांग्रेस
1989      हेतराम               जनता दल
1991      कुमारी सैलजा      कांग्रेस
1996      कुमारी सैलजा      कांग्रेस
1998      डा. सुशील इंदौरा   हलोदरा
1999      डा. सुशील इंदौरा   इनैलो
2004      आत्मा सिंह गिल   कांग्रेस
2009      डा. अशोक तंवर     कांग्रेस
2014      चरणजीत रोड़ी       इनैलो     

 

Yaspal

Advertising