अस्पतालों में भीड़ कम करने के लिए प्रशासन ने उठाया यह कदम...

Thursday, Dec 01, 2016 - 08:15 AM (IST)

चंडीगढ़(रवि) : पी.जी.आई., जी.एम.सी.एच. 32 और जी.एम.एस.एच. सैक्टर-16 जैसे बड़े अस्पतालों में मरीजों की भीड़ कम करने के लिए जल्द ही शहर में ई-हैल्थ क्लीनिक खुलने वाले हैं। यू.टी. प्रशासन पी.जी.आई. के साथ मिलकर यह क्लीनिक खोलने जा रहा है। ये क्लीनिक पी.जी.आई. के टैली मैडीसिन सैंटर से जुड़े रहेंगे। ई-हैल्थ क्लीनिक प्राइवेट कंपनी की ओर से मुहैया करवाए जा रहे हैं। इसमें कम्प्यूटर, डॉक्टर, टैक्नोलॉजिस्ट होंगे, जो मरीज का प्राथमिक उपचार करेंगे। उसके जरूरी टैस्ट भी उसी जगह हो जाएंगे। यदि उसे रैफर करना होगा तो उसकी रिपोर्ट पी.जी.आई. के टैली मैडीसिन सैंटर भेज दी जाएगी और इसकी जानकारी सैंटर में बैठे डाक्टर को दे दी जाएगी। रिपोर्ट देखने के बाद डाक्टर ई हैल्थ क्लीनिक में बैठे डाक्टर को दवा व इलाज के अन्य कारकों के बारे में जानकारी देगा। इससे साथ ही मरीज बड़े अस्पतालों में रैफर नहीं करने पड़ेंगे जिससे टर्शरी सैंटर्स का बोझ कम होगा। 

 

जी.एम.एस.एच. 16 में बनेगा इंटरलिंक स्टूडियो :
हैल्थ डायरैक्टर डा. राकेश कुमार कश्यप ने बताया कि ई हैल्थ क्लीनिक पहले शहर में 4 जगहों में खुलेगा इसके साथ ही शहर की आठ डिस्पैंसरियों को भी इससे जोड़ा जाएगा। सैक्टर 16 अस्पताल में सभी सैंटर्स का इंटरलिंक स्टूडियो बनाया जा रहा है जो कि 20-25 दिन में बन जाएगा। इस स्टूडियो के जरिए ही बड़े अस्पतालों से संपर्क साधा जाएगा। फिलहाल धनास, डड्माजरा, बहलाना, सैक्टर 35 की डिस्पैंसरी में इसका सैटअप किया जा रहा है इसके बार शहर की आठ डिस्पैंसरियों को इससे जोड़ा जाएगा। इन सैंटर्स में अलग-अलग दिन में डाक्टरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं इन क्लीनिक में एक ई हैल्थ किट का इस्तेमाल किया जाएगा। ये किट पी.जी.आई. ने आई.आई.टी. दिल्ली के साथ मिलकर तैयार की है। इसमें कई टैस्टिंग मशीन हैं, जिससे ब्लड, ई.सी.जी, अस्थमा, हीमोग्लोबिन, पल्स, ऑक्सीजन का स्तर व अन्य ब्लड टैस्ट होंगे। 

Advertising