गर्भवती पत्नी के सामने ही उजड़ गया सुहाग, बस ने पति और देवर को बुरी तरह कुचला, हुई दर्दनाक मौत; बोली- अब कैसे जियूंगी
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 01:37 PM (IST)
अलवर : राजस्थान के अलवर जिले में रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बड़ौदा मेव थाना क्षेत्र के शीतल के पास रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों के मुताबिक घायल महिला चार माह की गर्भवती है।
जानकारी के अनुसार छांगलकी गांव निवासी अनीश पुत्र आकूब, अखिल पुत्र हाकम और अखिल की पत्नी धोली बाइक से अलवर जा रहे थे। अनीश की तबीयत खराब थी और अखिल व धोली उसे डॉक्टर को दिखाने के लिए लेकर जा रहे थे। इसी दौरान शीतल के पास अलवर से भरतपुर की ओर जा रही रोडवेज बस से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अनीश और अखिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि धोली का उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ौदा मेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रोडवेज बस को जब्त कर लिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दोनों मृतक आपस में चाचा-ताऊ के बेटे थे और कृषि कार्य से जुड़े हुए थे। दो युवकों की मौत और महिला के घायल होने की खबर से छांगलकी गांव में शोक का माहौल है।
