हुड़दंगियों ने सड़कों पर तोड़े नियम, रंगों से ज्यादा खेली गई खून की होली

Saturday, Mar 23, 2019 - 09:52 AM (IST)

नई दिल्ली,(नवोदय टाइम्स): पानी से भरे गुब्बारे मारने का विरोध करना एक पुलिसकर्मी को उस समय भारी पड़ गया जब हुड़दंगियों ने उसे कार से उतार चाकू घोप दिया। पुलिसकर्मी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल पुलिसकर्मी सब इंस्पेक्टर अमित कुमार है जो वर्तमान में निहाल विहार में तैनात है। मामला दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके का है। मामले में पुलिस ने गैरइरादतन का माला दर्ज तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

होली के दिन ड्यूटी पर नहीं थे पीड़ित सब इंस्पेक्टर
गिरफ्तार लोगों में पारस,अग्रेंज सिंह और अंगद सिंह हैं। पीड़ित सब इंस्पेक्टर अमित कुमार है होली के दिन ड्यूटी पर नहीं थे और किसी के घर जा रहे थे, तभी युवकों ने उनकी कार पर पानी से भरे गुब्बारे फेंके। जब उन्होंने युवकों को ऐसा करने से मना किया तो तीनों युवक उससे बहस करने लगे। इसी दौरान अमित ने कहा वह पुलिसकर्मी है और आज के दिन होली नहीं खेल सकता। इस मौके पर अमित ने वार्निंग भी दी कि वे होली उन्हीं के साथ खेले जो मर्जी से उनके साथ खेलते है। इसी बात पर गुस्साए तीनों युवकों ने उसे पकड़ लिया पहले उसे पीटा और फिर चाकू घोप दिया। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है और उनके खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर लिया गया है। 

दोस्त पर गोली और चाकू से किया वार
नरेला इलाके में होली के दिन चल रही पार्टी के बीच दो युवकों में किसी बात को लेकर हुए झगड़े में एक युवक पर गोली और चाकू से वार किया। वारदात में हमलावर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही  है। पुलिस को मौके पर से तीन कारतूस के खोल व अन्य चीजें मिली है। मृतक के परिवार वालों ने उसी के दोस्त पर हत्या करने का आरोप लगाया है। जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान दिनेश (22) के रूप में हुई है। जबकि संदिग्ध हमलावर की पहचान दीपक के रूप में हुई है। दोनों अपने अपने परिवार के साथ मामरपुर गांव नरेला इलाके में रहते हैं। 

12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था दिनेश 
दिनेश ने प्राइवेट से 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। जबकि दीपक बेरोजगार है। दोनों की काफी पुरानी दोस्ती है। होली के दिन दोपहर के वक्तमामरपुर गांव में पीसीआर को गोली चलने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुुंची। पता चला कि दो घायल दिनेश और दीपक को राजा हरिशचन्द्र अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों ने दिनेश को मृत घोषित कर दीपक की हालत स्थिर बताई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिनेश को तीन गोली मारी थी। उसके चाकू के भी निशान थे। जबकि दीपक के चाकू व अन्य चोट के निशान थे। जिसके पैर में काफी ज्यादा चोट लगी हुई थी। जिसका डॉक्टरों की देखरेख में अस्पताल में उपचार चल रहा है।

रंगों की आड़ में गला रेतकर की युवक की हत्या 
जिस समय सभी होली के गुलाल में सरोबोर थे, उसी दौरान कुछ हुड़दंगियों ने भीड़ का फायदा उठा एक लड़के को अगवा किया और फिर पास के जंगलों में ले जाकर उसकी गला रेत हत्या कर दी। ये वाक्या उत्तर पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क के गढ़ी मेण्डु गांव के जंगलों में हुआ। मृतक का नाम नदीम है और उसकी उम्र 19 साल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को शव के पास उसका मोबाइल फोन मिला। जिससे उसकी पहचान हो सकी। पुलिस वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

नेहरू विहार इलाके में रहता था परिवार के साथ नदीम 
पुलिस के मुताबिक नदीम परिवार के साथ नेहरू विहार इलाके में रहता था। उसके परिवार में पिता नसीम के अलावा परिवार के अन्य सदस्य हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि होली की शाम वह घर से निकला था। उसके बाद वह वापस नहीं आया। शुक्रवार दोपहर पुलिस को गढ़ी मेण्डु गांव के जंगलों से सूचना मिली की एक युवक की लाश पड़ी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बदमाशों के हौसले कितने बुलंद है इस बात का अंदाजा शव को देखकर ही लगाया जा सकता है कि बदमाशों ने कितनी बेरहमी के साथ नदीम नामक लड़के की गला रेत कर हत्या की है। पुलिस को उसकी जेब से कुछ लेटर एक चेन के साथ साथ एक मोबाइल भी बरामद किया है। इसी मोबाइल के आधार पर पुलिस ने लड़के के शव की पहचान की है हालांकि पुलिस ने मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी है। पुलिस हत्या के सही कारणों की जांच की जांच कर रही है। 

Anil dev

Advertising