'Don't go बम है, प्लीज...' अहमदाबाद जाने वाली IndiGo Flight के टॉयलेट में मिला नोट, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 10:18 AM (IST)
Bengaluru Airport Bomb Hoax : बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (KIA) पर उस समय सुरक्षा एजेंसियों और यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया जब अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में बम होने की लिखित धमकी मिली। हालांकि सुरक्षा बलों और बम निरोधक दस्ते की गहन जांच के बाद यह धमकी पूरी तरह से झूठी (हॉक्स) साबित हुई। इस गंभीर घटना को लेकर बेंगलुरु की 'केआईएएल' (KIALL) हवाई अड्डा फिलहाल पुलिस ने एक आधिकारिक प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार इंडिगो की उड़ान 6ई-6423 को 16 जुलाई की रात आठ बजे बेंगलुरु से रवाना होना था। उड़ान के निर्धारित प्रस्थान से कुछ समय पहले शाम करीब सात बजकर 35 मिनट पर चालक दल के एक सदस्य को विमान के अगले शौचालय में एक पर्चा मिला जिस पर हाथ से लिखा था, ''डोन्ट गो। बम है, प्लीज।''
पर्चा मिलने के बाद विमानन सुरक्षा से संबंधित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के तहत तत्काल कार्रवाई की गई और विमान की गहन तलाशी ली गई। हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इंडिगो ने 'केआईएएल' हवाई अड्डा पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा कि इस धमकी के कारण उड़ान संचालन बाधित हुआ तथा यात्रियों, चालक दल और एयरलाइन की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हुई।
यह भी पढ़ें: खौफनाक वारदात: स्कूटी सवार को SUV से कई बार कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत
एयरलाइन ने शिकायत में अनुरोध किया कि मामले की विस्तृत जांच कर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए और उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके मकसद का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
