Himachal Weather: हिमाचल में भारी बारिश का कहर, सामान्य से 48% अधिक बारिश, जानिए 6 से 10 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम

punjabkesari.in Friday, Sep 05, 2025 - 04:23 PM (IST)

नेशनल डेस्कः हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के कारण स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में फंसे 50 मणिमहेश श्रद्धालुओं को भारतीय वायुसेना के चिनूक हेलिकॉप्टर के माध्यम से एयरलिफ्ट कर सुरक्षित चंबा लाया गया है। वहां से इन्हें सरकारी बसों के जरिए पठानकोट भेजा जा रहा है। हालांकि, भरमौर में अभी भी देशभर से आए 400 से अधिक श्रद्धालु फंसे हुए हैं। सरकार ने आश्वासन दिया है कि मौसम सुधार होने पर आज सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला जाएगा। ये श्रद्धालु एक सप्ताह से अधिक समय से फंसे हुए हैं।

कुल्लू में भूस्खलन

कुल्लू जिले में हुए भूस्खलन में दो मकान ढह गए हैं। इस हादसे में छह लोग मलबे में दब गए हैं, जिनका 24 घंटे बाद भी कोई पता नहीं चल पाया है। NDRF और स्थानीय प्रशासन मलबा हटाने और खोज-बीन कार्य में लगातार जुटे हुए हैं। सर्च ऑपरेशन जारी है और राहत कार्यों में तेजी लाई जा रही है।

रामपुर क्षेत्र में यातायात पूरी तरह ठप

शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में आज सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग NH-5 पर ज्यूरी के पास एक पूरा पहाड़ सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। इसी तरह मंडी के ओट में चंडीगढ़-मनाली फोरलेन भी बंद पड़ा है, जिससे आम जनता और पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, शिमला में आज सुबह धूप निकली है, जिससे राहत मिली है। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि कल से मानसून की तीव्रता में कमी आएगी। 6 से 10 सितंबर तक प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश का अलर्ट नहीं है।

मनसून ने तोड़े कई रिकॉर्ड

इस बार का मानसून हिमाचल प्रदेश में अब तक कई रिकॉर्ड तोड़ चुका है। सामान्यतः 1 जून से 4 सितंबर तक औसतन 636.9 मिलीमीटर बारिश होती है, जबकि इस बार 939.5 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से लगभग 48% अधिक है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Rana

Related News