हेलीकॉप्टर दुर्घटना: बिना सिर के मिला धड़, लापता पायलट का माना जा रहा शव

Tuesday, Jan 16, 2018 - 02:29 PM (IST)

मुंबई: मुंबई के तट पर समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हुए पवन हंस हेलीकॉप्टर के जांच दल ने एक धड़ बरामद किया है जो लापता पायलट का माना जा रहा है। कूपर म्यूनिसिपल जनरल अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि धड़ बीती रात को मिला लेकिन डीएनए परीक्षण के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह धड़ किसका है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने लापता क्रू सदस्य के एक रिश्तेदार के रक्त के नमूने लिए हैं और उन्हें मुंबई सरकारी फॉरेंसिक लैब में भेजा हैं।’’ उन्होंने बताया कि डीएनए जांच एक लंबी प्रक्रिया है और शनिवार तक इसके नतीजे आने की संभावना है।     लापता पायलट का भाई केरल से मुंबई पहुंचा और उन्होंने खून के नमूने दिए।

तटरक्षक बल ने कल कहा था कि ओएनजीसी जहाज ने कल एक अन्य शव बरामद किया। उसने कहा कि इसके साथ ही हेलिकॉप्टर में सवार सात लोगों में से छह के शव बरामद कर लिए गए हैं। तटरक्षक बल ने इससे पहले बताया था कि ओएनजीसी जहाज ने रोटर ब्लेड्स, मुख्य गियरबॉक्स, टेल गियरबॉस, दोनों इंजन और आपात लोकेटर ट्रांसमिटर समेत हेलीकॉप्टर के हिस्से हासिल कर लिए हैं। उसने बताया कि तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) और पवन हंस के उच्च स्तरीय दल ने स्थिति का आकलन करने और मलबे तथा शवों को जल्द से जल्द हासिल करने की रणनीति बनाने के लिए कल तटरक्षक बल के पश्चिमी क्षेत्र के मुख्यालय का दौरा किया था। इस हेलिकॉप्टर ने ओनएनजीसी के पांच अधिकारियों और दो पायलटों के साथ शनिवार को अरब सागर के लिए उड़ान भरी थी और यह उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही मुंबई के तट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

Advertising