देश के कई हिस्सों में आफत बनकर बरसेगी बारिश, IMD ने किया अलर्ट

Monday, Jul 20, 2020 - 01:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कई दिनों से रूठे मानसून ने जोड़ पकड़ना शुरू कर दिया है। अगले 24 घंटे में कई राज्यों को भारी बारिश का सामना करना पड़ सकता है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम समेत देश के कई हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं, जिसे लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर दी है। 

विभाग की मानें तो अरुणाचल प्रदेश,बिहार, असम और मेघालय के विभिन्न इलाकों मेअत्यधिक और कई हिस्सों लगातार मूसलाधार बारिश होने की आशंका है। साथ ही हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और तटीय कर्नाटक में अलग-अलग क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना है। उत्तर भारतीय राज्य हिमाचल प्रदेश,उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश समेत कर्नाटक के तटीय इलाकों में भी अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है। 

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, उत्तर-पूर्व राजस्थान, उत्तर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कोंकण, गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना समेत रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर भी भारी वर्षा की संभावना है। इसी तरह पूर्वी तटवर्ती, दक्षिण पूर्व अरब सागर और कर्नाटक तट तथा लक्षद्वीप में इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से हवाएं चल सकती है जिसको ध्यान में रखते हुए मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे इस अवधि के दौरान इन क्षेत्रों में समुद्र में न जाएं। 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार देश में मौजूदा मानसून में अब तक सामान्य से छह फीसद अधिक वर्षा हुई है लेकिन उत्तर भारत में कम बारिश हुई है। विभाग के मौसम विज्ञान संबंधी चार संभाग हैं तथा दक्षिण प्रायद्वीप, मध्य भारत, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत संभागों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई। लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत में अब तक 19 फीसद कम वर्षा हुई है। दक्षिण प्रायद्वीप में सामान्य से 17 फीसद अधिक वर्षा हुई है जिसमें तमिलनाड, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना आते हैं। मध्य भारत में 12 फीसदी अधिक वर्षा हुई है। पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से 10 फीसदी अधिक वर्षा हुई है।

vasudha

Advertising