मुंबई में आज सुबह से हो रही भारी बारिश, IMD ने जताई शाम को हाई टाइड की संभावना

Wednesday, Jun 16, 2021 - 02:08 PM (IST)

नेशनल डेस्क: तीन दिन की राहत बाद मुंबई और उसके उपनगरों में बुधवार को तड़के बारिश फिर शुरू हो गई। हालांकि अभी तक कहीं से भी भारी जलभराव की खबर नहीं है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शहर और उसके उपनगरों में मध्यम बारिश या गरज के साथ छीटें पड़ने का अनुमान जताया है। साथ ही शाम को हाई टाइड का भी अलर्ट जारी किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि अभी तक उपनगरीय ट्रेन सेवाओं के साथ ही बृहन्मुंबई बिजली आपूर्ति और परिवहन (बेस्ट) बसें सुचारू रूप से चल रही हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने कहा कि मुंबई, उसके पश्चिमी उपनगरों और पूर्वी उपनगरों में बुधवार को सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में क्रमश: 28.55 मिलीमीटर, 19 मिमी. और 17.52 मिमी. बारिश हुई।

एक अधिकारी ने बताया कि शहर और उपनगरों में सुबह से लगातार बारिश होने के बावजूद किसी भी निचले इलाके से भारी जलभराव की कोई खबर नहीं है। निकाय अधिकारियों ने कहा कि समुद्र में शाम को 4 बजकर 13 मिनट पर 4.05 मीटर ऊंची लहरें (हाई टाइड) और रात को 10 बजकर 23 मिनट पर 1.95 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना है। मुंबई में मानसून के दस्तक देने पर पिछले हफ्ते शहर और उसके उपनगरों में भारी बारिश हुई थी जिससे कई निचले इलाके जलमग्न हो गए और ट्रेन तथा बस सेवांए बाधित हो गई थीं। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के अलावा रविवार से कोई खास बारिश नहीं हुई।

Seema Sharma

Advertising