दिल्ली में भारी बारिश से बुरा हाल, अगले 48 घंटे तक राहत नहीं...NCR में 8वीं तक स्कूल बंद

Friday, Sep 23, 2022 - 08:58 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का सिलसिला शुक्रवार सुबह भी जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे तक राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में बारिश होगी। दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम आदि के इलाकों में बारिश की वजह से यातायात भी प्रभावित हुआ और कई इलाकों में पानी भर गया। 

NCR में 8वीं क्लास तक स्कूल बंद

एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, नोएडा और ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद, गाजियाबाद में फ्सर्ट क्लास से लेकर 8वीं क्लास तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल शुक्रवार को बंद रहेंगे। मौसम विभाग ने क्षेत्र में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है जिसके बाद जिलाधिकारी ने स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया है। 

वहीं गुड़गांव में भारी बारिश की चेतावनी के बाद शुक्रवार को स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। दफ्तर आने वाले लोगों को भी वर्क फ्रॉम होम करने को कहा गया है।

बारिश ने बरपाया कहर

राष्ट्रीय राजधानी में दो दिनों से जारी बारिश के बीच गुरुवार को एक सड़क का हिस्सा धंस गया जबकि कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और जलभराव के कारण यातायात थम सा गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ‘येलो अलर्ट' जारी किया है और छिट-पुट स्थानों पर भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की। बारिश के कारण कैब और ऑटोरिक्शा के किराए में भी बहुत तेजी आई है। दिल्ली यातायात पुलिस की हेल्पलाइन पर गुरुवार को यातायात जाम से जुड़े 23 कॉल आए, जलभराव से जुड़े सात और पेड़ उखड़ने के संबंध में दो कॉल आए। 

साफ हुई दिल्ली की हवा

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से मानसून की वापसी से ठीक पहले हुई ताजा बारिश से वर्षा में कमी (22 सितंबर की सुबह तक 46 फीसदी) को कुछ हद तक पूरा करने में मदद मिलेगी। इससे हवा भी साफ रहेगी और तापमान भी नियंत्रित रहेगा। शहर में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक गुरुवार शाम चार बजे बजे 65 (संतोषजनक श्रेणी) दर्ज किया गया।

आईएमडी ने मंगलवार को कहा था कि दक्षिण पश्चिम मानसून के लौटने की सामान्य तारीख 17 सितंबर है और यह सामान्य तारीख से तीन दिन बाद दक्षिण पश्चिम राजस्थान के कई हिस्सों और पास के कच्छ से लौट चुका है।

Seema Sharma

Advertising