कहीं तेज बारिश तो कहीं बर्फबारी...आंधी-तूफान का अलर्ट जारी; जानें उत्तर भारत में मौसम का हाल

punjabkesari.in Friday, Apr 18, 2025 - 07:04 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली और एनसीआर के लोग इन दिनों तेज गर्मी से परेशान हैं, लेकिन अच्छी खबर ये है कि शनिवार शाम को बारिश और आंधी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इससे कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

तेज हवाओं के साथ  हो सकती है हल्की बारिश
दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रहेगा। दोपहर के बाद आसमान में बादल छा सकते हैं और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है।

अगले कुछ दिन कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
20 अप्रैल: तापमान थोड़ा कम रहेगा। अधिकतम 36-38°C, न्यूनतम 24-26°C। हल्के बादल और धीमी हवाएं (10-20 किमी/घंटा)।
21 से 23 अप्रैल: मौसम साफ रहेगा लेकिन तापमान बढ़ेगा। गर्मी फिर से तेज हो सकती है।

उत्तर भारत के अन्य राज्यों का हाल
उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश और बर्फबारी
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हल्की बारिश हो रही है। उधर हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, कुल्लू और शिमला जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 18 और 19 अप्रैल को बर्फबारी और तेज बारिश हो सकती है।

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में आंधी की संभावना
इन राज्यों में भी तापमान तेज़ी से बढ़ रहा है, लेकिन शनिवार को तेज हवाएं और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

राजस्थान में भीषण गर्मी
राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 18-19 अप्रैल को जोधपुर और बीकानेर क्षेत्रों में धूल भरी आंधी चल सकती है, जिसकी गति 30-40 किमी/घंटा हो सकती है। राहत की बात यह है कि 20 अप्रैल से गर्मी कुछ कम हो सकती है।

बिहार का बदलता मौसम
बिहार में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 1-2 दिनों के लिए गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। पटना, गया और भागलपुर में आंशिक बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News