देश के इस राज्य में अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट हुआ जारी, मुख्यमंत्री ने किया हवाई दौरा
punjabkesari.in Sunday, Jul 06, 2025 - 09:29 PM (IST)

National Desk : देश के अधिकांश राज्यों में जारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को उत्तराखंड के कई जिलों में अगले चार दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, उत्तरकाशी, टिहरी, बागेश्वर, देहरादून और रुद्रप्रयाग जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
उत्तरकाशी में हवाई निरीक्षण
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री मार्ग के सिलाई बैंड और ओजरी बैंड खंडों का हवाई सर्वेक्षण किया। इन इलाकों में हाल ही में हुई भारी बारिश से राष्ट्रीय राजमार्ग के कई हिस्से बह गए हैं, जिससे तीर्थस्थल से संपर्क बाधित हो गया है। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे।
उत्तरकाशी जनपद के अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर आपदा की स्थिति का जायजा लिया। प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का आकलन करते हुए राहत और बचाव कार्यों की पुनः समीक्षा की जाएगी। राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में प्रत्येक प्रभावित नागरिक के साथ खड़ी है। pic.twitter.com/JwMKP9LEVr
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) July 6, 2025
यमुनोत्री मार्ग पर यातायात बाधित
उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सिलाई बैंड और ओजरी के बीच दो स्थानों पर पूरी तरह से बंद हो गया है। उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, राजमार्ग का एक हिस्सा बह जाने के कारण मार्ग अवरुद्ध है, जिससे स्थानीय यातायात और तीर्थयात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। मार्ग को बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा है।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए
शुक्रवार को ओजरी में क्षतिग्रस्त हिस्से पर वैली ब्रिज का निर्माण शुरू हो गया है। सिलाई बैंड तक वाहनों से निर्माण सामग्री पहुंचाई जा रही है और जरूरत के अनुसार साइट पर और सामग्री भेजी जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को पुल का निर्माण शीघ्र पूरा करने और राष्ट्रीय राजमार्ग की पूरी तरह बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह मार्ग स्थानीय लोगों के साथ-साथ यमुनोत्री तीर्थयात्रियों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।