Heavy Rain Alert: फिर बारिश मचाएगी तबाही, IMD ने इन 16 जिलों में जारी किया अलर्ट
punjabkesari.in Monday, Sep 15, 2025 - 04:19 PM (IST)

नेशनल डेस्कः झारखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार सुबह राज्य के कई हिस्सों में हुई बारिश के बाद आगामी तीन दिनों तक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। चक्रवाती हवाओं और ट्रफ लाइन के प्रभाव से प्रदेश के बड़े हिस्से में व्यापक बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसी के तहत 16 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, रांची, बोकारो, धनबाद, खूंटी और रामगढ़ जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। IMD अधिकारी ने बताया कि 16 सितंबर सुबह 8:30 बजे से 17 सितंबर सुबह 8:30 बजे तक 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है और 17 सितंबर सुबह 8:30 बजे से 18 सितंबर सुबह 8:30 बजे तक 13 जिलों के लिए इसी प्रकार का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
3 दिनों तक भारी बारिश की संभावना
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा कि राज्य में चक्रवाती हवाओं और ट्रफ लाइन के प्रभाव से अगले 3 दिनों तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। रविवार को रांची में दोपहर से ही हल्की से मध्यम बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार शाम 5:30 बजे तक राजधानी में 30.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वर्षा के आंकड़ों की बात करें तो 1 जून से 14 सितंबर के बीच झारखंड में 18 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस अवधि में राज्य में 1,079.4 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 913.4 मिमी होता है।
लोगों को सतर्क रहने सलाह
जिला स्तर पर बारिश के आंकड़ों के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले में सर्वाधिक 52% अधिक वर्षा हुई है, जबकि रांची में 45% अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसके विपरीत, पाकुड़ जिले में 26% कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो राज्य के औसत से काफी कम है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।