पहली बार इतनी दूर भेजा गया दिल, 4 घंटे में नए शरीर में धड़का!(Pics)

Monday, Jan 04, 2016 - 06:03 PM (IST)

इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में चोइथराम अस्पताल से एयरपोर्ट तक की बेहद व्यस्त रहने वाली सड़क रविवार सुबह थम गई। ग्रीन कॉरिडोर बनाकर ब्रेन डेड 20 वर्षीय सोनिया का दिल मुंबई और लिवर दिल्ली पहुंचाया गया। शायद ऐसा पहली बार हुआ है, जब दिल को इतनी दूर ले जाया गया और 4 घंटे के भीतर ही दिल किसी और मरीज के शरीर में प्रत्यारोपित कर दिया गया।

ऑर्गन डोनेशन में अहम किरदार निभाने वाले इंदौर के कमिश्नर संजय दुबे ने बताया कि शायद दुनिया में पहली बार इतनी दूर लाइव ऑर्गन भेजा गया। दिल को एक बॉक्स में बंद कर ट्रांसप्लांट के लिए 600 किलोमीटर दूर भेजा गया। इसके पहले दुनिया में जितने भी हार्ट ट्रॉसप्लांट हुए हैं, उनमें दिल को ज्यादा से ज्यादा 80 किलोमीटर दूर भेजा गया था।

जानकारी के मुताबिक, मालवीय नगर निवासी सोनिया चौहान को शनिवार को एमवायएच में डॉक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित किया था। पिता गणेश चौहान की सहमति के बाद अंगदान की प्रक्रिया शुरू की गई। दिल को प्रिजर्व केवल चार घंटे तक ही रखा जा सकता है। ऑपरेशन के बाद दिल को सुबह 7.40 बजे की फ्लाइट से मुंबई रवाना किया गया। 8:50 बजे मुंबई पहुंचा दिल एयरपोर्ट से कुछ ही समय में फोर्टिस अस्पताल के ऑप्रेशन थिएटर तक पहुंच गया। यहां करीब दो घंटे के ऑप्रेशन के बाद 11 बजे के करीब इसे दूसरे मरीज की बॉडी में प्रत्यारोपित कर दिया गया।

Advertising