हाथरस मुद्दे पर कंगना की चुप्पी पर शिवसेना सांसद का निशाना, कहा- अब मुंह में दही जम गया है क्या?

Saturday, Oct 03, 2020 - 06:12 PM (IST)

नई दिल्ली: हाथरस मुद्दे पर शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने एक्ट्रेस कंगना रनौत की पर चुप्पी पर जमकर निशाना साधा है।  शिवसेना की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट किया कि, दिन रात मुंबई पुलिस को कोसने के लिए जिनको y+ सिक्युरिटी से नवाजा गया, जो महिलाओं की बुलंद आवाज बनकर, मुख्यमंत्री और राज्य के बारे में आपत्तिजनक बयानबाजी कर रहीं थी, मीडिया की चहेती थीं, उनके मुंह में दही जम गया है क्या? उनका कोई ट्वीट भी नहीं दिख रहा हाथरस के मुद्दे पर।  प्रियंका चतुर्वेदी ने हालांकि कंगना रनौत का अपने ट्वीट में नाम नहीं लिया है लेकिन उनका इशारा कंगना की ओर ही है।  कंगना रनौत को वाई प्लस सिक्योरिटी पिछले महीने सितंबर में दी गई है। कंगना रनौत ने सरकार से कहा था कि महाराष्ट्र सरकार और मुंबई की आलोचना के बाद उन्हें धमकी दी जा रही है।


इससे पहले हाथरस की घटना को लेकर शिवसेना ने शनिवार को योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर की आधारशिला रखी जा चुकी है, फिर भी उत्तर प्रदेश में "जंगल राज" बरकरार है। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ दल ने आरोप लगाया कि हाल ही में उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं उस राज्य के साथ-साथ केंद्र सरकार की नाकामी को दर्शाती हैं। पार्टी के मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में शिवसेना ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर की नींव रखी। लेकिन उत्तर प्रदेश में कोई 'राम राज्य' नहीं है। कानून-व्यवस्था की स्थिति के मामले में यूपी में 'जंगल राज' कायम है।''



पार्टी ने कहा, ‘‘राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार हो रहे हैं और युवतियों के बलात्कार और हत्या की घटनाएं बढ़ रही हैं।'' संपादकीय में कहा गया, ‘‘हाथरस में 19 वर्षीय एक युवती के साथ बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई, जिससे पूरे देश में आक्रोश फैला हुआ है। अपने अंतिम बयान में, पीड़िता ने कहा था कि उसके साथ बलात्कार हुआ था। लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार अब कहती है कि उसके साथ बलात्कार नहीं हुआ था। उसके तुरंत बाद, यूपी के बलरामपुर में भी सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं हुई।'' 

 

Anil dev

Advertising