हरियाणा को मिला इंडिया एग्रीबिजनेस बेस्ट स्टेट अवार्ड

Thursday, Nov 10, 2022 - 05:52 PM (IST)


चंडीगढ़, 10 नवंबर –(अर्चना सेठी) कृषि प्रधान राज्य को कृषक प्रधान राज्य बनने के हरियाणा सरकार के प्रयासों को पुनः गति मिली है, जब केंद्र सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हरियाणा को इंडिया एग्रीबिजनेस बेस्ट स्टेट अवार्ड से सम्मानित किया गया। भारतीय कृषि एवं खाद्य परिषद द्वारा जारी इंडिया एग्रोबिजनेस अवार्ड - 2022 में हरियाणा को सर्वश्रेष्ठ राज्य की श्रेणी में पुरस्कार मिला है। हरियाणा को यह पुरस्कार राज्य में कृषि अनुकूल नीतियों, कार्यक्रमों, उत्पादन, इनपुट, प्रौद्योगिकियों, विपणन, मूल्यवर्धन, बुनियादी ढांचे और निर्यात के क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान करने के लिए मिला है।

हरियाणा की इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री  मनोहर लाल ने केंद्र सरकार का आभार जताया और साथ ही अधिकारियों व कर्मचारियों सहित सभी प्रदेशवासियों को बधाई दी। मनोहर लाल ने कहा कि उनका प्रयास हरियाणा को अब कृषि प्रधान से कृषक प्रधान राज्य बनाना है। इसके लिए खेती में आधुनिकता के साथ-साथ किसानों की आमदनी में बढोतरी करना बड़ा लक्ष्य है। प्रदेश सरकार जहां 14 से अधिक फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है, वहीं किसानों को आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित भी कर रही है। कम लागत में अधिक उपज लेने के लिए किसान फसल विविधिकरण को अपनाएं और प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर हों।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषि और बागवानी के क्षेत्र में सुधार के मद्देनजर सिंचाई के लिए पानी का उचित उपयोग, किसानों द्वारा कम पानी की खपत वाली फसलों को अपनाने सहित अनेक कदम उठाए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा कृषि व्यवसाय को बढ़ावा देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए कृषि क्षेत्र की कंपनियों, किसान उत्पादक संगठनों को चिह्नित किया गया है, ताकि किसानों को संगठित कर सामूहिक रूप से उनके उत्पादन और विपणन की व्यवस्था को सुनिश्चित किया जा सके। इस कार्य में निवेश, प्रौद्योगिकी और नये उपकरण उपलब्ध करवा कर कृषि एवं बागवानी लागत को कम करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। इन्हीं प्रयासों के मद्देनजर केंद्र सरकार द्वारा हरियाणा को इंडिया एग्रीबिजनेस बेस्ट स्टेट अवार्ड प्रदान किया गया है।

 

Archna Sethi

Advertising