कश्मीर में हड़ताल, प्रतिबंधों से जनजीवन प्रभावित

Thursday, Nov 22, 2018 - 04:06 PM (IST)

श्रीनगर : कश्मीर घाटी में गुरुवार को अलगाववादियों द्वारा आहूत हड़ताल और प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों की वजह से आम जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर कानून एवं व्यवस्था को बनाए रखने की खातिर श्रीनगर के कुछ हिस्सों में प्रतिबंध लगाए गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंध श्रीनगर के सात पुलिस थाना क्षेत्रों में लगाए गए हैं। उन्होंने ने बताया कि रैनावारी, सफाकदल, नौहट्टा, खानयार और एमआर गंज पुलिस थाना क्षेत्रों में सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं, जबकि मैसूमा और करालखुद इलाकों में आंशिक पाबंदियां लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ये पाबंदियां ऐहतियाती तौर पर लगाई गई हैं।

बता दें कि सैयद अली शाह गिलानी, मीरवायज उमर फारुक और  यासीन मलिक के संयुक्त प्रतिरोध नेतृत्व (जे.आर.एल.) ने अनंतनाग जिला में तहरीक-ए-हुरियत के नेता हफीजुल्ला की अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा गोली मार कर हत्या के खिलाफ आज हड़ताल का आह्वान किया था।  घाटी में हड़ताल के चलते सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि पूरे कश्मीर में अधिकतर दुकानें, ईंधन स्टेशन, अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। ज्यादातर स्थानों पर सरकारी परिवहन सडक़ों से नदारद रहे लेकिन निजी वाहन और ऑटो रिक्शा चलते रहे। अधिकारियों ने बताया कि निजी शिक्षण संस्थान हड़ताल की वजह से बंद रहे। इसी तरह की खबरें घाटी के अन्य जिला मुख्यालयों से भी आई हैं।  अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर में कहीं भी लोगों के आने -जाने पर प्रतिबंध नहीं है।   
 

Monika Jamwal

Advertising