शक्तिमान मूर्ति प्रकरण पर तेज हुई राजनीति

Wednesday, Jul 13, 2016 - 12:28 AM (IST)

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी की उत्तराखंड इकाई ने शक्तिमान घोड़े को लेकर मुख्यमंत्री हरीश रावत पर निशाना साधते हुए आज कहा कि शहीदों और आपदा पीड़ितों की अनदेखी करके घोड़े को लेकर राजनीति कर रहे हैं।  पार्टी प्रवक्ता मुन्ना सिंह चैहान ने यहां जारी एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री को शहीद वीर जांबाजों और आपदा पीड़ितों की याद नहीं आई है, घोड़े पर राजनीति कर रहे हैं।  
 
उन्होंने कहा कि अभी तक आपदा पीडितों को सरकार राहत नहीं दे पा रही है और घायल आपदा पीड़ित इलाज के लिए आज भी अस्पतालों में तड़प रहे है। सरकार के पास उनके लिए वक्त नहीं हैं और शहीद घोड़े शक्तिमान पर राजनीति करने के लिए उनके पास पूरा वक्त है। राज्य सरकार द्वारा उत्पीड़ित किए जाने से ही शक्तिमान मरा है ताकि शक्तिमान को लेकर राजनीति की जा सके और अब शक्तिमान की मूर्ति को ही हटा दिया गया।  
 
इस बीच रावत के मीडिया सलाहकार सुरेन्द्र कुमार ने भारतीय जनता पार्टी नेताओं द्वारा शक्तिमान घोड़े को लेकर की जा रही बयानबाजी पर पलटवार करते हुए कहा कि निरीह प्राणी शक्तिमान की मौत के लिए जिम्मेदार लोग उसे लेकर राजनीति कर रहे हैं। ऐसी राजनीति से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि उसकी मौत के लिए जिम्मेदार लोग अब राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ऐसे लोग और ऐसी पार्टी जो निरीह प्राणी के मौत के जिम्मेदार हो उनको इस तरह के आरोप लगाने का अधिकार नही है।
Advertising