गुरुग्राम में भोंडसी जेल के वार्डन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ/त, सरकारी आवास में मिला शव

punjabkesari.in Sunday, Nov 29, 2026 - 04:40 PM (IST)

गुरुगाम : गुरुग्राम की भोंडसी जेल में तैनात 52 वर्षीय वार्डन ने कथित तौर पर जेल परिसर स्थित अपने आवास में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान हरियाणा के सिरसा जिले के मूल निवासी लाल सिंह के रूप में हुई है। वह पिछले सात वर्षों से जेल में वार्डन के पद पर तैनात थे। पुलिस ने बताया कि सिंह जेल परिसर स्थित आवास में एक अन्य वार्डन के साथ रहते थे, जो तीन दिन पहले छुट्टी पर गया था। सिंह खुद भी पिछले दो दिनों से ड्यूटी पर नहीं आए थे। यह घटना शनिवार देर शाम सामने आई, जब छुट्टी से लौटा दूसरा वार्डन कमरे में पहुंचा और उसे अंदर से बंद पाया। 

कई बार आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर जेल के अन्य कर्मचारियों को सूचना दी गई और दरवाजा तोड़कर खोला गया। पुलिस ने बताया कि कमरे के अंदर सिंह का शव फंदे से लटका मिला। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। जेल प्रशासन ने घटना की सूचना भोंडसी पुलिस थाने को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। जेल अधिकारियों ने बताया कि कुछ समय पहले किसी अज्ञात मामले के संबंध में सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। इसके बाद उन्हें सक्रिय फील्ड ड्यूटी से हटा दिया गया था, लेकिन तब से वह अपनी जिम्मेदारियों का ठीक से निर्वहन कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि उनकी मौत के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News