गुजरातः एक और कांग्रेसी विधायक का वीडियो वायरल, कहा- रेप आरोपियों को जिंदा जला देना चाहिए

Thursday, Oct 11, 2018 - 09:24 PM (IST)

नेशनल डेस्कः गुजरात में दो हफ्ते पहले 14 महीने की बच्ची के साथ कथित बलात्कार के बाद प्रदेश में कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर के बाद के बाद एक और कांग्रेसी विधायक गेनीबेन ठाकोर का वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में वह महिलाओं के एक समूह से कह रही हैं कि बलात्कार के आरोपी को पुलिस को सौंपने के बजाय जिंदा जला देना चाहिए।



हालांकि कांग्रेस विधायक ने स्पष्ट किया कि वह सिर्फ महिलाओं को शांत करने की कोशिश कर रही थीं, क्योंकि वे सब 14 महीने की बच्ची के साथ बलात्कार से आक्रोशित थीं। ठाकोर बनासकांठा जिले की सीट से विधायक हैं। उनका यह वीडियो एक मोबाइल फोन से बनाया गया है। वह इसमें कुछ महिलाओं के साथ नजर आ रही हैं। वीडियो में ठाकोर महिलाओं से कहती दिख रही हैं, कि भारत में, हर किसी को कानून की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। लेकिन, जब कभी ऐसी घटनाएं होती हैं, 100-150 लोगों को एक साथ आना चाहिए और उसी दिन बलात्कार के आरोपी को जला देना चाहिए। वो महिलाओं को उकसाते हुए कहती हैं कि खत्म करो, उसे पुलिस को मत सौंपो।



वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस विधायक ने सफाई देते हुए कहा कि वह 28 सितंबर की घटना से नाराज महिलाओं को शांत करने की कोशिश कर रही थीं। आरोपी को उसी दिन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। वह बिहार का रहने वाला है। ठाकोर ने कहा, " वीडियो मेरे निवास के अंदर बनाया गया था। वह कोई सार्वजनिक रैली या प्रेस-कॉन्फ्रेंस का नहीं है। उन्होंने कहा, "मैंने करीब 100 महिलाओं को शांत करने के लिए ऐसे शब्दों का प्रयोग किया था, जो बलात्कार की घटना को लेकर काफी परेशान थीं। इसके अलावा कोई अन्य इरादा नहीं था।



बता दें कि गेनीबेन को कांग्रेस के ही विधायक अल्पेश ठाकोर का करीबी माना जाता है। 14 महीने की बच्ची के साथ बलात्कार और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हिंदी भाषी लोगों पर हुए हमलों को लेकर पहले से ही अल्पेश ठाकोर आलोचना का सामना कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस के एक और विधायक का वीडियो सामने आने के बाद पार्टी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वहीं सत्ताधारी भाजपा हिंसा के लिए अल्पेश ठाकोर और उनके संगठन गुजरात क्षत्रिय-ठाकोर सेना को दोषी मान रही है।



गौरतलब है कि 28 सितंबर की घटना के बाद लगातार राज्य के विभिन्न जिलों में गैर-गुजरातियों पर हमले हो रहे हैं, जिसके कारण वहां से हिंदीभाषी लोग पलायन को मजबूर हैं। 

Yaspal

Advertising