वडनगर के ‘लाडले बेटे'' PM मोदी के बर्थडे पर सभी मंदिरों में महाआरती...दुल्हन जैसे सजा स्टेशन/टी स्टॉल

Friday, Sep 17, 2021 - 01:12 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आज उनके पैतृक शहर और जन्मस्थली गुजरात के वडनगर में उनके पुश्तैनी घर के निकट स्थित उनके प्रिय शिवालय हाटकेश्वर मंदिर सभी मंदिरों में विशेष महाआरती का आयोजन किया गया है और वहां के जिस स्टेशन पर वह बचपन में पिता के साथ चाय बेचते थे, उसे भी दुल्हन की तरह सज़ा कर ख़ास कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

 

अहमदाबाद से लगभग 100 कम उत्तर में महेसाणा जिले में स्थित वड़नगर में स्थानीय लोगों और सत्तारूढ़ भाजपा ने मोदी के 71वें जन्मदिन पर कई तरह के आयोजन किए हैं। हाल में नए रूप में पुनर्निर्मित वडनगर स्टेशन पर, जहां बचपन में वह पिता दामोदर दास मोदी के साथ चाय बेचते थे, आज ख़ास रूप से सजाए टी स्टॉल पर ‘चाय पर चर्चा' का आयोजन किया गया। पूरे स्टेशन को ही दुल्हन की तरह सजाया गया है।

 

महेसाणा जिला भाजपा अध्यक्ष जसुभाई पटेल ने यूएनआई को बताया कि भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय प्रमुख और बेंगलुरु के लोकसभा सांसद तेजस्वी सूर्या स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम और हाटकेश्वर मंदिर की महाआरती में शिरकत करेंगे। इस मौक़े पर शहर में एक बड़ी मोटरसाइकल रैली भी निकाली जाएगी। एक अन्य स्थानीय भाजपा नेता ने बताया कि पीएम मोदी वडनगर के ‘लाडले बेटे' हैं। यहां हर कोई उन पर गर्व करता है। उनका जन्मदिन वडनगर के लिए एक उत्सव सरीखा है। मोदी के पैतृक निवास के निकटवर्ती महादेव मंदिर समेत आज शहर के सभी मंदिरों में मोदी के दीर्घायु होने की कामना के साथ विशेष महाआरतियों का आयोजन किया गया है।

 

इसके अलावा विशेष रक्तदान शिविर, कृत्रिम अंग वितरण, विशेष कोरोना टीकाकरण अभियान समेत कई सरकारी ग़ैर सरकारी कार्यक्रम भी मोदी के जन्मदिन के मौक़े पर वडनगर में किए गए हैं। ज्ञातव्य है कि मोदी ने अक्तूबर 2017 में आखिरी बार वडनगर का दौरा किया था। इस मौके पर उन्होंने शहर में एक भव्य रोड शो का आयोजन किया था। उन्होंने सार्वजनिक रूप से ज़मीन पर लेट कर अपनी जन्मस्थली की मिट्टी को चूमा था और इसे माथे पर भी लगाया था।

Seema Sharma

Advertising